खेती और स्वास्थ्य को जोड़ने वाला ‘सेहत मिशन’ लॉन्च
पोषण, किसान सुरक्षा और रोग-नियंत्रण पर केंद्रित होगी नई राष्ट्रीय पहल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
केंद्र सरकार ने खेती और स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ते हुए देश में “सेहत मिशन” की शुरुआत की है। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में इस महत्वाकांक्षी मिशन को लॉन्च किया गया। यह पहल ICAR और ICMR की साझेदारी से शुरू की गई है।
कार्यक्रम में श्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि भारत अब केवल बीमारियों के इलाज पर नहीं, बल्कि उनकी रोकथाम, समय पर पहचान और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि “सेहत मिशन” रिएक्टिव नहीं बल्कि प्रोएक्टिव हेल्थ सिस्टम की दिशा में बड़ा कदम है। उनके अनुसार कृषि और स्वास्थ्य संस्थानों का एक साथ आना वैज्ञानिक और कम लागत वाले समाधान तैयार करने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि यह मिशन कुपोषण, डायबिटीज, हाइपरटेंशन और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री नड्डा ने स्वदेशी अनुसंधान और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित हेल्थ मॉडल विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब देश को केवल ज्यादा उत्पादन नहीं, बल्कि पोषणयुक्त उत्पादन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “जो खाना है, वही उगाना है” की सोच के साथ यह मिशन स्वस्थ भारत की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने बायो-फोर्टिफाइड फसलों, मोटे अनाज, संतुलित आहार और एकीकृत खेती को बढ़ावा देने की बात कही।
मिशन के तहत किसानों और खेतिहर मजदूरों के स्वास्थ्य, सुरक्षित खेती पद्धतियों और रसायनों के संतुलित उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। “सेहत” यानी Science Excellence for Health through Agricultural Transformation मिशन का उद्देश्य खेती से थाली और थाली से स्वास्थ्य तक वैज्ञानिक संबंध स्थापित करना है। सरकार का मानना है कि यह पहल देश में बेहतर पोषण, रोग-नियंत्रण और टिकाऊ खाद्य प्रणाली विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगी।



