लखनऊ

एसबीआई लखनऊ मंडल को मिला नया नेतृत्व, दिपेश राज बने मुख्य महाप्रबंधक

29 वर्षों के अनुभवी बैंकर दिपेश राज ने संभाली एसबीआई लखनऊ की कमान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

State Bank of India के लखनऊ मंडल को नया नेतृत्व मिल गया है। दिपेश राज ने 14 मई 2026 को भारतीय स्टेट बैंक, लखनऊ मंडल के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। बैंकिंग क्षेत्र में लगभग 29 वर्षों के अनुभव के साथ श्री राज को एक कुशल प्रशासक और मजबूत नेतृत्व क्षमता वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

दिपेश राज ने वर्ष 1997 में एसबीआई में परिवीक्षाधीन अधिकारी (Probationary Officer) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने बैंक के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और शाखाओं में जिम्मेदार पदों पर कार्य किया। उन्होंने बैंकिंग संचालन, नेटवर्क प्रबंधन तथा प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व राज नई दिल्ली मंडल में एसबीआई के महाप्रबंधक (नेटवर्क-2) के पद पर कार्यरत थे। उनके नेतृत्व और कार्यशैली को बैंकिंग क्षेत्र में काफी सराहा जाता रहा है। अब लखनऊ मंडल की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनसे बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं ग्राहक-केंद्रित बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

दिपेश राज ने दीपक कुमार दे का स्थान लिया है। श्री दे को पदोन्नति देकर उप प्रबंध निदेशक (डीएमडी) बनाया गया है तथा उनका तबादला एसबीआई के कॉर्पोरेट सेंटर में किया गया है। बैंकिंग जगत में इसे एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

एसबीआई लखनऊ मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री दिपेश राज का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में बेहतर कार्य संस्कृति और नई उपलब्धियों की उम्मीद व्यक्त की है।

Related Articles

Back to top button