कानपुर

कानपुर में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 10.5 बीघा क्षेत्र में कार्रवाई

बिना मानचित्र स्वीकृति विकसित कॉलोनियों पर KDA सख्त, 7.5 बीघा में नोटिस जारी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए शुक्रवार को जोन-4 क्षेत्र में व्यापक ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। उपाध्यक्ष अंकुर कौषिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-4) एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।

अधिकारियों के अनुसार मौजा अहिरवां, कानपुर नगर में श्री हरिहर तिवारी एवं अन्य द्वारा लगभग 10.5 बीघा क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। इसके खिलाफ केडीए की टीम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन तथा कई निर्माणाधीन एवं निर्मित भवनों को दो जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति विकसित की जा रही किसी भी कॉलोनी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके साथ ही प्रवर्तन टीम ने ग्राम छतमरा में विकसित की जा रही दो अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित किया है। इनमें श्री राम, श्री श्याम एवं अन्य द्वारा लगभग 4 बीघा तथा श्रीमती शांति देवी, श्री संजय पाण्डेय एवं अन्य द्वारा लगभग 3.5 बीघा क्षेत्र में प्लाटिंग की जा रही थी, लेकिन स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इन मामलों में नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार जवाब मांगा गया है। निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्लॉट या भूमि की खरीद से पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य कराएं।

अभियान में अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, सुपरवाइजर मनोज कुमार, संदीप यादव, आबिद अहमद, प्रमोद कुमार, अजय चौरसिया, शिवकुमार एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button