राष्ट्रीय

अटल पेंशन योजना ने बनाया रिकॉर्ड, 1.35 करोड़ नए ग्राहकों ने जोड़ा भरोसा

महिलाओं और युवाओं में बढ़ा APY का क्रेज, ₹54 हजार करोड़ पार पहुंची संपत्ति

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

Pension Fund Regulatory and Development Authority (पीएफआरडीए) ने नई दिल्ली में अटल पेंशन योजना (APY) का वार्षिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित कर देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, एसएलबीसी और जिला प्रबंधकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में एपीवाई की रिकॉर्ड उपलब्धियों और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में इसके बढ़ते प्रभाव को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

वित्तीय सेवा विभाग के सचिव M. Nagaraju ने कहा कि अटल पेंशन योजना देश के सामाजिक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि एपीवाई के तहत कुल नामांकन 9 करोड़ से अधिक हो चुका है जबकि प्रबंधित संपत्ति ₹54,000 करोड़ के पार पहुंच गई है। वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 1.35 करोड़ नए ग्राहकों ने योजना से जुड़कर नया इतिहास बनाया।

पीएफआरडीए के अध्यक्ष S. Raman ने कहा कि युवाओं में रिटायरमेंट प्लानिंग को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग में नामांकन में भारी वृद्धि दर्ज की गई है, जो भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को लेकर बदलती सोच को दर्शाता है।

पीएफआरडीए की पूर्णकालिक सदस्य Mamta Shankar ने बताया कि इस वर्ष एपीवाई में महिलाओं की भागीदारी रिकॉर्ड 55.14% तक पहुंच गई, जो महिला वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में State Bank of India, Union Bank of India और UCO Bank ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और सहकारी बैंकों ने भी लक्ष्य से कहीं बेहतर उपलब्धियां हासिल कीं।

पीएफआरडीए ने भरोसा जताया कि बैंकों और डाक विभाग के सहयोग से देशभर में पेंशन जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा कवरेज को और मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button