भारत-कनाडा व्यापार संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

सीईपीए समझौते और निवेश बढ़ाने पर दोनों देशों की सहमति
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
भारत और कनाडा ने व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
नई दिल्ली में जारी संयुक्त वक्तव्य के अनुसार, दोनों देशों ने व्यापार, निवेश और कारोबारी अवसरों को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। दोनों मंत्रियों ने स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि-खाद्य, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल तकनीक और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने भारत से पहुंचे अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा के बीच सहयोग दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को जल्द अंतिम रूप देने की इच्छा जताई। मंत्रियों ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष के अंत तक इस समझौते पर वार्ता पूरी कर ली जाएगी। उनका मानना है कि यह समझौता बाजार तक पहुंच बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस दौरान कनाडा-भारत व्यापार और निवेश मंच की शुरुआत भी की गई। यह मंच दोनों देशों के उद्योग जगत को एक साथ लाकर नई व्यावसायिक साझेदारियों और निवेश अवसरों को बढ़ावा देगा।
दोनों देशों ने लोगों के बीच संपर्क, व्यापारिक यात्रा और प्रत्यक्ष कारोबारी जुड़ाव को भी महत्वपूर्ण बताया। कनाडा ने इस वर्ष भारत में “टीम कनाडा व्यापार मिशन” भेजने की घोषणा की, जिससे भारतीय बाजार में कनाडाई कंपनियों की भागीदारी और बढ़ेगी।
भारत और कनाडा ने भविष्य में नियमित संवाद जारी रखने और ठोस आर्थिक परिणाम हासिल करने का संकल्प भी लिया।



