केडीए का बड़ा बुल्डोजर एक्शन, 24 बीघा सरकारी जमीन कब्जामुक्त
7 घंटे चली कार्रवाई, एक अरब रुपये से अधिक की भूमि भू-माफियाओं से छुड़ाई

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 बीघा सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। शनिवार को चलाए गए इस विशेष अभियान में करीब 7 घंटे तक लगातार बुल्डोजर चला और एक अरब रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर प्रवर्तन, भूमि बैंक और अभियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने किया। कार्रवाई के दौरान चार जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
केडीए के अनुसार कुल 49,630 वर्ग मीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 102.46 करोड़ रुपये से अधिक है। इस दौरान अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवाल, एंट्री गेट, बिजली के खंभे, सीवर लाइन और निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया गया।
अहिरवां क्षेत्र में लगभग 12 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को हटाया गया, जबकि सजारी क्षेत्र में करीब 5 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुल्डोजर चलाया गया। इसके अलावा अलकनंदा योजना के पास अवैध रूप से बनाई जा रही गेटेड सोसाइटी को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कुलगांव, बैरी अकबरपुर कछार, किदवई नगर और गणेशपुर रोड क्षेत्रों में भी अवैध कब्जों और निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भू-माफियाओं के झांसे में आकर सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त न करें।



