पर्यटन

कलाकारों पर बरसेगी योगी सरकार की कृपा

राजभवन में 51 विभूतियों को मिलेगा महासम्मान!

पुरस्कार मिलते ही कलाकारों का मानदेय सीधे ₹70 हजार, संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा एलान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश की अनमोल सांस्कृतिक संपदा और कला जगत के लिए एक बेहद ऐतिहासिक और गौरवशाली खबर सामने आई है। आगामी 5 जून 2026 को राजधानी लखनऊ के जनभवन (राजभवन) स्थित गांधी सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन होने जा रहा है। इस महासमारोह में प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल विभिन्न विधाओं में पारंगत देश-प्रदेश की 51 महान कलात्मक विभूतियों को प्रतिष्ठित अकादमी पुरस्कारों से नवाजेंगी। आज पर्यटन भवन के सभागार में आयोजित एक धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सूबे के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने इस ऐतिहासिक निर्णय की आधिकारिक घोषणा की।

संस्कृति मंत्री ने कलाकारों के लिए खजाने का द्वार खोलते हुए एक बड़ा एलान किया। उन्होंने बताया कि अकादमी पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद इन सभी 51 कलाकारों को ‘विशिष्ट श्रेणी’ (Special Category) में शामिल कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद, संस्कृति विभाग के किसी भी आगामी कार्यक्रम में प्रदर्शन (Performance) करने पर इन कलाकारों का मानदेय स्वतः बढ़कर ₹70,000 (सत्तर हजार रुपये) हो जाएगा।

वर्ष 2021 से 2024 तक के विजेताओं की सूची जारी, सफदर हाशमी और बी.एम. शाह पुरस्कारों का एलान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वर्ष 2021 से लेकर 2024 तक के प्रतिष्ठित पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की गई, जिसमें देश के कोने-कोने से जुड़ी प्रतिभाएं शामिल हैं:

  • वर्ष 2021: शास्त्रीय गायन के लिए पं0 दीनानाथ मिश्रा (कोलकाता), लोक गायन के लिए श्रीकांत वैश्य (प्रयागराज), सहनाई वादन के लिए जवाहर लाल (वाराणसी) को अकादमी पुरस्कार मिलेगा। वहीं मनोज कुमार मिश्रा (रीवा) को सफदर हाशमी और सतीश आनंद (दिल्ली) को बी0एम0 शाह पुरस्कार दिया जाएगा।
  • वर्ष 2022: आनंद कुमार मलिक (मथुरा-शास्त्रीय गायन), सुश्री माधुरी शर्मा (मथुरा-लोकगायन) और पं0 अनुज मिश्रा (लखनऊ-कत्थक) सम्मानित होंगे। राजेश सिंह (नई दिल्ली) को सफदर हाशमी व कमल जैन (भोपाल) को बी0एम0 शाह सम्मान मिलेगा।
  • वर्ष 2023: डॉ0 रामशंकर (वाराणसी), मनोज कुमार गुप्ता (प्रयागराज) और डॉ0 आकांक्षा श्रीवास्तव (लखनऊ) को अकादमी पुरस्कार, जबकि अजय कुमार (गाजियाबाद) को सफदर हाशमी व रविशंकर खरे (गोरखपुर) को बी0एम0 शाह पुरस्कार दिया जाएगा।
  • वर्ष 2024: रितेश रजनीश मिश्रा (नई दिल्ली-शास्त्रीय गायन), सुश्री मुक्ता चटर्जी (लखनऊ-सुगम गायन) और रामरथ पाण्डेय (रायबरेली-आल्हा) सम्मानित होंगे। शुभदीह राहा (लखनऊ) को सफदर हाशमी व संजय मेहता (भोपाल) को बी0एम0 शाह पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

डिजिटल ट्रैकिंग से 14 करोड़ का भुगतान, 75 जिलों में चल रही गुरु-शिष्य परंपरा

संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि 13 नवंबर 1963 को स्थापित हुई यह अकादमी पिछले 63 वर्षों से संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए हुए है। अब तक 510 कलाकारों को पुरस्कृत किया जा चुका है।

पारदर्शी सिस्टम: संस्कृति विभाग के पोर्टल पर 17,000 कलाकार पंजीकृत हैं। वर्ष 2025-26 में डायरेक्ट पोर्टल के माध्यम से ₹6.5 करोड़ और कोषागार के माध्यम से ₹7.5 करोड़ यानी कुल मिलाकर 14 करोड़ रुपये सीधे कलाकारों के खातों में भेजे जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में ‘गुरु-शिष्य परंपरा’ के तहत ग्रीष्मकालीन कार्यशालाएं चलाई जा रही हैं। प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता के विजेताओं को ‘नवांकुर योजना’ के तहत मंच दिया जा रहा है ताकि विलुप्त होती लोककलाओं को बचाकर आगामी पीढ़ी को सौंपा जा सके। इस अवसर पर संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो0 जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह, निदेशक शोभित कुमार नाहर व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button