खेती-किसानी

यूपी के आमों का सात समंदर पार चला जादू: सीतापुर के बागों में विदेशी गोरों ने चटखारे लेकर खाया ‘फलों का राजा’!

मैंगो फेस्टिवल में गूंजा कनाडाई जैज़ संगीत, फ्रांस और जापान से आए मेहमान भी बोले— 'वाह, क्या बात है!'

न्यूज डेस्क, निश्चय टाइम्स

उत्तर प्रदेश के रसीले और स्वादिष्ट आमों का जादू अब सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार भी सिर चढ़कर बोल रहा है! लखनऊ फार्मर्स मार्केट (LFM) द्वारा आयोजित 14वें सालाना मैंगो फेस्टिवल में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सीतापुर के खूबसूरत विंटेज विलेज रिज़ॉर्ट में सजे इस आम महोत्सव में उत्तर प्रदेश की समृद्ध आम संस्कृति का लुत्फ उठाने के लिए फ्रांस, कनाडा, जापान और लंदन जैसे देशों से विदेशी पर्यटक दौड़े चले आए। आम के बागों के बीच देसी गांव की लाइफस्टाइल और टिकाऊ खेती के इस अनूठे संगम ने हर किसी का दिल जीत लिया।

फेस्टिवल में जापान से आईं खास मेहमान योसुको भारतीय आमों का स्वाद चखकर झूम उठीं। उन्होंने यहाँ के लोगों के अपनेपन, किसानों से मुलाकात और विंटेज विलेज के शानदार प्राकृतिक माहौल की जमकर तारीफ की। वहीं माहौल में चटपटा तड़का तब लगा जब कनाडा की मेधा भट्ट ने आम के बागों के बीच अपनी जादुई आवाज में लाइव जैज़ परफॉर्मेंस दी, जिसने संगीत और प्रकृति का एक अनोखा माहौल बना दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, फ्रांस की वेलनेस एक्सपर्ट एस्टेल ल्यान ने लोगों को होलिस्टिक वेलबीइंग (समग्र स्वास्थ्य) के गुर सिखाए, तो मेहमानों ने मुंबई की लेखिका शिंजिनी कुमार की किताब ‘घुमक्कड़ औरत’ से प्रेरित शानदार कविता पाठ का भी मजा लिया।

इस धमाकेदार फेस्टिवल में आम खाने की प्रतियोगिता, ट्रेज़र हंट, मिट्टी के बर्तन बनाना, बैलगाड़ी की सवारी और स्विमिंग पूल गेम्स जैसी कई मजेदार एक्टिविटीज हुईं। बाग के मालिक अली जाफ़री और उनके बेटे अब्बास जाफ़री ने मेहमानों को आम की 30 से ज्यादा दुर्लभ किस्मों से रूबरू कराया। लखनऊ फार्मर्स मार्केट की सीईओ ज्योत्सना कौर हबीबुल्लाह ने बताया कि यह फेस्टिवल किसानों को बढ़ावा देने और यूपी के ग्रामीण पर्यटन को ग्लोबल पहचान दिलाने का एक बेहतरीन जरिया बन चुका है।

Related Articles

Back to top button