राजनीति

मिशन 2027 के लिए सर्वजन हित पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल: लखनऊ में हुआ विराट कार्यकर्ता सम्मेलन

पेपर लीक और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे ने दिया जीत का मंत्र

निश्यचय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के तत्वावधान में राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह (पीडब्ल्यूडी भवन) में एक भव्य और विराट कार्यकर्ता सम्मेलन सह पदाधिकारी बैठक का आयोजन किया गया। इस महा-सम्मेलन में प्रदेश के कोने-कोने से आए सैकड़ों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी ताकत का अहसास कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्याम नारायण चौबे ने हुंकार भरते हुए कहा कि उनकी पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति पर भरोसा करती है। उन्होंने जातिवाद और भेदभाव की राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता ही राष्ट्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष नाम सिंह ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति साझा की।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्री दीपक पाण्डेय ने युवाओं और किसानों के ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने खेती की बढ़ती लागत, सिंचाई, बिजली और फसलों के उचित मूल्य का मुद्दा उठाते हुए पारदर्शी व्यवस्था की मांग की। इस बैठक में पूर्व आईपीएस अधिकारी जुगल किशोर तिवारी, वीरेंद्र मिश्रा ‘विरही’ और रमाकांती त्रिपाठी सहित कई दिग्गज नेताओं ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का समापन “समता से समृद्धि तक” और “सर्वजन हित हमारा पथ” के गूंजते हुए नारों के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button