सीसीटीवी से खुलेगा CC यानी चंदा चोरी का राज़-अखिलेश यादव
यूपी में 'डग्गामार' चल रही भाजपा सरकार; सपा सुप्रीमो का दावा— पाला बदलने को तैयार बैठे हैं बीजेपी के ही विधायक!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर और सूबे की भाजपा सरकार पर एक के बाद एक कई चटपटे और तीखे सियासी तीर चलाए हैं। अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा के गिरते स्तर को लेकर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए चुनावी बिसात पर भाजपा को चारों खाने चित करने का बड़ा दावा किया है।
‘चंदा चोरी’ और ‘डग्गामार’ सरकार पर तंज सपा सुप्रीमो ने भ्रष्टाचार पर चुटकी लेते हुए एक नया नारा उछाल दिया। उन्होंने कहा, “सीसीटीवी से अब ‘सीसी’ का राज़ खुल जाएगा, और इस ‘सीसी’ का मतलब है— चंदा चोरी!” सरकार की प्रशासनिक नाकामी पर हमला बोलते हुए अखिलेश बोले कि जब मुख्यमंत्री जी अपना खुद का घर (गोरखपुर और संगठन) नहीं संभाल पा रहे हैं, तो पूरा प्रदेश ही ‘डग्गामार’ बस की तरह रामभरोसे चल रहा है।
गोरखपुर में रोजगार और शिक्षा का ‘एनकाउंटर’ अखिलेश यादव ने सीएम के गढ़ गोरखपुर के आंकड़ों का हवाला देते हुए सनसनीखेज आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर में लगभग 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए हैं। इसके कारण करीब 1500 लोगों की सरकारी नौकरी सीधे-सीधे छीन ली गई है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर ‘PDA’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के लोगों को पढ़ाना नहीं चाहती, ताकि ये लोग आगे न बढ़ सकें और समाज में सम्मान न पा सकें।
बीजेपी विधायक पाला बदलने को तैयार, बहादुरों की टीम करेगी जीरो! चुनावी हुंकार भरते हुए अखिलेश ने कहा कि इस बार हम लोगों ने गोरखपुर में परिणाम बदलने का संकल्प ले लिया है और भाजपा को घेरकर ‘जीरो’ पर आउट करेंगे। विपक्षी नेताओं के पाला बदलने पर उन्होंने दोटूक कहा, “जो डर जाएगा, वो अपना दल छोड़कर चला जाएगा। बीजेपी से मुकाबला करने के लिए बहादुर लोगों की टीम चाहिए।” साथ ही उन्होंने बड़ा सीक्रेट खोलते हुए दावा किया कि यूपी में खुद भाजपा के ही कई विधायक पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं!
प्रभु राम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि PDA में प्रेम, दया और अपनापन भी शामिल है और जैसा प्रभु राम बताएंगे, सपा उसी सत्य और सम्मान के रास्ते पर चलेगी।



