“2027 में सपा सरकार बनते ही पूरी होंगी पीड़ित परिवार की मांगें”; अखिलेश ने उठाई ₹50 लाख, सरकारी नौकरी और CBI जांच की मांग
सरधना की होनहार कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल के परिजनों से मिले अखिलेश यादव; ढाँढस बंधाकर दी आर्थिक मदद

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से आज पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में मेरठ के सरधना क्षेत्र की राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और कई पदक विजेता दिवंगत कु0 अनुष्का पाल के पीड़ित परिजनों ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री अतुल प्रधान भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि महज 17 वर्षीय होनहार खिलाड़ी अनुष्का पाल का विगत दिनों अपहरण करने के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सपा प्रमुख ने चिरोड़ी गांव (सरधना) से आए अनुष्का के पिता श्री नेमपाल पाल को सांत्वना दी और निजी तौर पर उन्हें आर्थिक मदद भी प्रदान की।
अन्याय के खिलाफ लड़ाई और 2027 का भरोसा पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने और पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए हमेशा तत्पर रहती है। उन्होंने परिजनों को पूरी संवेदनशीलता के साथ आश्वस्त किया कि साल 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीड़ित परिवार की जो भी मांगें हैं, उन सभी को पूरा कर हर संभव मदद की जाएगी।
₹50 लाख मुआवजा और CBI जांच की उठी मांग इस दुखद घटना को लेकर समाजवादी पार्टी ने वर्तमान सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को तत्काल सरकारी नौकरी देने और ₹50 लाख की आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है। इसके साथ ही, पूरे जघन्य घटनाक्रम की तह तक जाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराने की भी पुरजोर मांग की गई है।
इस अवसर पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल, मेरठ के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी सहित कश्यप और पाल समाज के कई स्थानीय प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य और प्रधान मौजूद रहे। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक ने गांव जाकर भी परिवार को ढाँढस बंधाया था।



