नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट की ‘आंसर की’ और मूल्यांकन में भारी गड़बड़ी; सपा सुप्रीमों ने थामी पीड़ित छात्रों की कमान
नीट के बाद अब बीएससी नर्सिंग परीक्षा में बड़ा झोल! अखिलेश यादव से रो पड़े छात्र; बोले— "आवाज उठाने पर मिलती है बदतमीजी"

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
देश और प्रदेश में मेडिकल परीक्षाओं में धांधली का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नीट (NEET) परीक्षा के महा-संकट के बीच अब बीएससी नर्सिंग के छात्रों का भविष्य भी अधर में लटक गया है। आज लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में बड़ी संख्या में बीएससी नर्सिंग के पीड़ित छात्रों ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। छात्रों ने सपा प्रमुख को अपनी गंभीर समस्याओं का एक ज्ञापन सौंपा, जिसे अखिलेश यादव ने सहानुभूतिपूर्वक स्वीकार करते हुए उनकी पूरी बात को ध्यान से सुना।
आंसर की (Answer Key) में बड़ी गलतियां और जल्दबाजी में काउंसलिंग मुलाकात के दौरान कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (CNET) के परीक्षार्थियों ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि नीट परीक्षा में हुई ऐतिहासिक अनियमितताओं के चलते उनका भविष्य पहले से ही चौपट हो चुका है। अब रही-सही कसर नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के नतीजों ने पूरी कर दी। छात्रों का दावा है कि विभाग द्वारा जो उत्तर कुंजी (आंसर की) जारी की गई थी, उसके कई प्रश्नों के उत्तर पूरी तरह गलत हैं। मूल्यांकन (कॉपी चेकिंग) में भी भारी त्रुटियां पाई गई हैं, जिससे हजारों मेधावी छात्रों के नंबरों पर बेहद बुरा असर पड़ा है। छात्रों ने रोष जताते हुए कहा कि इतनी कमियों के बावजूद प्रशासन बहुत जल्दबाजी में काउंसलिंग कराने पर अड़ा है।
अखिलेश यादव ने दिया समर्थन, ये छात्र रहे मौजूद छात्रों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि जब भी वे इस धांधली के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और बदतमीजी की जाती है। अखिलेश यादव ने छात्रों को ढाँढस बंधाया और उनके लोकतांत्रिक हक की लड़ाई में साथ देने का वादा किया।
भेंट करने वाले प्रमुख छात्रों में आदर्श पटेल, अजय सिंह, हीना गुप्ता, आकांक्षा सिंह, जोया फातिमा, शुभम राय, निशा यादव, राम सागर, अभिषेक मौर्या, शिवम राज, रजनीश कुमार, रेहान, अमन, प्रियंका सिंह, खुशी वर्मा और शिवांस यादव आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।



