राजनीति

जीवन के पहले 1000 दिनों पर फोकस: मंत्री बेबी रानी मौर्य ने लॉन्च किया संभव अभियान का छठा चरण

कुपोषण पर महावार: यूपी में 'संभव 6.0' का शंखनाद, 5 विभाग मिलकर सुधारेंगे बच्चों का भविष्य

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश सरकार ने बच्चों और महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को लखनऊ के एक स्थानीय होटल में महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ‘संभव अभियान 6.0’ का भव्य शुभारंभ किया। इस बार अभियान की थीम “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा” रखी गई है। इसमें बच्चे के जीवन के शुरुआती 1,000 दिनों (गर्भावस्था के 270 दिन और जन्म के बाद के 730 दिन) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, क्योंकि इसी समय बच्चे के दिमाग का 80% विकास होता है।

इस साल अभियान को और मजबूत बनाने के लिए आईसीडीएस और स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, योजना और सूचना विभाग को भी जोड़ा गया है। ये पांचों विभाग मिलकर जुलाई से सितंबर तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में काम करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री जी ने नया ‘टेक होम राशन’ (THR) पैकेट और सोशल मीडिया पैकेज भी जारी किया। मशहूर शेफ रणवीर ब्रार का एक वीडियो भी लॉन्च किया गया, जो राशन से पौष्टिक व्यंजन बनाना सिखाएगा।

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों को साझा करते हुए आईसीडीएस निदेशक हर्षिता माथुर ने बताया कि संभव अभियान के तहत हर महीने करीब 1.7 करोड़ बच्चों की स्क्रीनिंग की गई और 81% गंभीर कुपोषित बच्चे स्वस्थ हुए। इस मौके पर पिछले साल सबसे अच्छा काम करने वाले 5 जिलों (कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, श्रावस्ती, चंदौली और वाराणसी) के अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी और एनएचएम निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने कहा कि इस अभियान से मातृ मृत्यु दर को कम करने और महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने में बड़ी मदद मिलेगी। यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कई बड़े अधिकारी शामिल हुए और उप निदेशक सेराज अहमद ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button