महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र बनेगी अयोध्या-अखिलेश यादव
चंदा और शिला चोरी से श्रद्धालुओं का उठा भरोसा, एसआईटी जांच पर जनता को विश्वास नहीं: सपा प्रमुख

निश्यचय टाइम्स न्यूज डेस्क
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने अयोध्या और मथुरा के घटनाक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा सियासी हमला बोला है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी। उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि जिस अयोध्या से भाजपाई राजनीति का आरंभ हुआ था, वहीं पर इसका अंत भी निश्चित है।
अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या में ‘चढ़ावे, चंदे, दान और शिला चोरी’ की शर्मनाक घटना के बाद से वहां आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या पर बेहद नकारात्मक असर पड़ा है। इस घोटाले से देशभर के लोगों की आस्थाएं खंडित हुई हैं, जिसका सीधा नुकसान अयोध्या के स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम जनता के काम-कारोबार पर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार की गलतियों और भ्रष्टाचार का खामियाजा वहां की निर्दोष जनता क्यों भुगते?
सपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या और उसके आस-पास के क्षेत्रों में इस समय भयंकर जन-आक्रोश पनप रहा है। इस पावन सनातनी तीर्थ की पवित्रता को जिन भाजपाइयों और उनके साथियों ने कलंकित किया है, वे हमेशा की तरह अपना कारनामा करके भूमिगत हो गए हैं। सरकार की ढुलमुल नीति के कारण वहां का माहौल शंकापूर्ण और तनावपूर्ण बन गया है। स्थानीय लोग अब मंदिर जाने से भी कतरा रहे हैं कि कहीं जांच के नाम पर पुलिस उन्हें ही न फंसा दे।
अखिलेश यादव ने मांग की है कि इस मामले की जांच कहां तक पहुंची है, इसकी रोजाना ‘डेली ब्रीफिंग’ होनी चाहिए, क्योंकि भाजपा सरकार के चारों तरफ फैले महा-भ्रष्टाचार के कारण जनता का अब सरकारी एसआईटी (SIT) पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं बचा है। इसके साथ ही उन्होंने मथुरा से आई धांधली की खबरों को भी बेहद गंभीर बताते हुए उसकी उच्च स्तरीय और विश्वसनीय जांच कराने की मांग की है।



