दिव्यांगों के लिए ऐतिहासिक क्रांति: देश का पहला ‘एटी मार्ट’ कानपुर में खुला
सीएमडी प्रवीण कुमार बोले— "फ्रेंचाइजी मॉडल से पूरे देश में फैलेगा एटी मार्ट का नेटवर्क"

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक व उन्नत सहायक उपकरण बेहद आसान तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में एक युगांतरकारी कदम उठाया गया है। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) ने स्वरूप नगर में देश के पहले एटी मार्ट (असिशिष्टव टेक्नोलॉजी मार्ट) की शुरुआत की है। इस अनूठे और अत्याधुनिक मार्ट का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री प्रवीण कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम की कमान संभाली।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस वर्ष के आम बजट में देश भर में ‘एटी मार्ट’ खोलने की विशेष घोषणा की थी। केंद्र सरकार की ‘दिव्यांग सहारा योजना’ के अंतर्गत शुरू की गई इस दूरदर्शी पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार उच्च गुणवत्तापूर्ण सहायक उपकरण एक ही छत के नीचे ससम्मान उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री प्रवीण कुमार ने निगम के विजन को साझा करते हुए कहा:
“यह एटी मार्ट देश में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। हमारा उद्देश्य सिर्फ उपकरण बेचना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाना है। इस पहले केंद्र की सफलता के बाद हम बहुत जल्द देश के हर कोने में पहुँचने जा रहे हैं।”
एलिम्को के डीजीएम अजय चौधरी और सीएमडी प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि इस एटी मार्ट को एक कॉर्पोरेट शोरूम और आधुनिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ लोग खुद आकर उपकरणों को लाइव देख सकते हैं, उनकी कार्यप्रणाली को समझ सकते हैं और अपनी आवश्यकता के अनुसार उन्हें खरीद सकते हैं। इस भव्य मार्ट में व्हीलचेयर, इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर, ट्राइसिकल, वॉकर, बैसाखी, उन्नत श्रवण यंत्र (कान की मशीन), स्मार्ट चश्मे, कृत्रिम अंग, ऑर्थोटिक एवं प्रोस्थेटिक उपकरणों सहित दैनिक जीवन को सुगम बनाने वाले कई सहायक संसाधन डिस्प्ले पर लगाए गए हैं। उद्घाटन के बाद मोतीझील मेट्रो स्टेशन के पास मंडलायुक्त ने आधुनिक ईवी स्कूटी का लाइव ट्रायल भी देखा।

सीएमडी प्रवीण कुमार ने आगे बताया कि एलिम्को इस महत्वाकांक्षी योजना को ‘फ्रेंचाइजी मॉडल’ के तौर पर तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत इच्छुक उद्यमी, प्रतिष्ठित संस्थान और सामाजिक संगठन एलिम्को के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करके अपने-अपने शहरों में एटी मार्ट का संचालन कर सकेंगे। वर्तमान में पटना, अहमदाबाद, बलिया, मुंबई सहित देश के एक दर्जन प्रमुख शहरों से फ्रेंचाइजी के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। विभिन्न राज्यों और शहरों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे केंद्र खोले जाएंगे।
इस गौरवशाली उद्घाटन अवसर पर एलिम्को के महाप्रबंधक (वित्त) अतुल रुस्तगी, महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन) संजीव अरोड़ा, प्रभारी महाप्रबंधक (मार्केटिंग) अजय चौधरी और प्रभारी महाप्रबंधक (उत्पादन) विवेक द्विवेदी सहित सभी उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




