आधार ऐप के डाउनलोड का आंकड़ा 31 मिलियन के पार,
यह संख्या लोगों के बीच इसकी बढ़ती उपयोगिता को दर्शाती है

लगभग 40 लाख लोगों ने नए आधार ऐप का उपयोग करके अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया
लगभग 8.5 लाख लोगों ने आधार ऐप का उपयोग करके अपना पता अपडेट किया
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
आधार ऐप को भारत भर में लोगों के बीच अत्यधिक स्वीकृति मिल रही है। लॉन्च होने के 5 महीने से भी कम समय में इसे 31 मिलियन से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। बढ़ती लोकप्रियता ऐप पर लोगों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है, क्योंकि यह लोगों को उनकी उंगलियों पर ही सेवाएं उपलब्ध कराता है।
जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया नया आधार ऐप लोगों को अपने स्मार्टफ़ोन से ही मोबाइल नंबर अपडेट और पता अपडेट सहित विभिन्न सेवाओं का सुगमता से लाभ उठाने में सक्षम बना रहा है।
अब तक लगभग चार मिलियन लोगों ने नए आधार ऐप का उपयोग करके अपने मोबाइल नंबर अपडेट किए हैं। वहीं, लगभग 8,50,000 लोगों ने ऐप का उपयोग करके अपना पता अपडेट किया है।
आधार ऐप को आधार नंबर धारकों (एएनएच) को अपनी पहचान दिखाने, साझा करने और सत्यापित करने का एक सुविधाजनक और गोपनीयता-प्रथम तरीका प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
इस ऐप में कई जनहितकारी सुविधाएं हैं, जिनमें एक क्लिक में बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक, उपस्थिति प्रमाण के लिए चेहरे का सत्यापन, प्रमाणीकरण इतिहास और वास्तविक विज़िटिंग कार्ड के बजाय संपर्क जानकारी साझा करने के लिए क्यूआर-कोड आधारित संपादन योग्य संपर्क कार्ड शामिल हैं। यह ई-आधार डाउनलोड करने की सुविधा भी देता है और आधार सेवा केंद्रों (एएसके) आदि पर जाने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करना सरल बनाता है।
आधार ऐप कई तरह के वास्तविक जीवन के उपयोगों में सहायता करता है। इनमें ऑफलाइन वेरिफिकेशन सीकिंग एंटिटी (ओवीएससई) के क्यूआर कोड स्कैनिंग के माध्यम से होटल चेक-इन शामिल है। यह अस्पताल में भर्ती, आगंतुक प्रबंधन, इवेंट एंट्री, गिग वर्कर्स और सर्विस पार्टनर्स की पहचान सत्यापन जैसे कई अन्य उपयोगों में भी सहायक है।
नया आधार ऐप एंड्रॉयड और ऐप्पल आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। लोग इसे यहां से डाउनलोड कर सकते हैं:
एंड्रॉइड: https://play.google.com/store/apps/details?id=in.gov.uidai.pehchaan&hl=en_IN
आईओएस – https://apps.apple.com/in/app/aadhaar/id6744029871
****



