उत्तर प्रदेश
नशा मुक्त भारत से ही बनेगा विकसित भारत: आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
लखनऊ के सहकारिता भवन में ‘अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार विरोधी दिवस’ पर राज्य स्तरीय मद्य निषेध कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की।
युवाओं के कंधों पर 2047 का संकल्प आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साल 2047 तक भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है। युवाओं की असीम ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए, न कि नशे के अंधकार में।
नशा समाज के लिए अभिशाप और वैश्विक चुनौती नितिन अग्रवाल ने दो टूक कहा कि नशे की आदत पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी चुनौती और हमारे समाज के लिए अभिशाप बन चुकी है। केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियां इसे रोकने के लिए लगातार काम कर रही हैं, लेकिन इस लड़ाई में सिविल सोसाइटी, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को भी सक्रिय रूप से आगे आना होगा।
उत्तर प्रदेश की आर्थिक उड़ान मंत्री जी ने प्रदेश की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज 11.5% की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। देश की जीडीपी में 9.1% की हिस्सेदारी के साथ यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। ऐसे में प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है।
विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। मद्य निषेध विभाग द्वारा आयोजित नशा मुक्ति प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को आबकारी मंत्री ने प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विशेषज्ञों ने दी जागरूक रहने की सलाह प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान केवल सरकारी प्रयासों से सफल नहीं हो सकता, इसमें जन-जन की भागीदारी जरूरी है। बलरामपुर अस्पताल के मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.के. श्रीवास्तव ने नशे के मनोसामाजिक कारणों और बचाव के तरीकों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में राज्य मद्य निषेध अधिकारी . एल. राजवंशी और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।




