Uncategorized

योगी सरकार का बड़ा फैसला: अब हर गन्ना किसान परिवार को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा का कवच!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने गन्ना किसानों के लिए एक ऐतिहासिक पहल की है। प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में जुलाई 2026 के दूसरे सप्ताह में विशेष जागरूकता और नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गन्ना किसानों और उनके परिवारों को विभिन्न सरकारी बीमा, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से सीधे जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सुरक्षित करना है।

30 जून से पहले तैयार होगा ‘एक्शन प्लान’ अभियान को धुआंधार और सफल बनाने के लिए 30 जून, 2026 से पहले हर जिले में जिला गन्ना अधिकारी की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल समन्वय बैठक होगी। इस बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), समिति अध्यक्ष, इफको (IFFCO) प्रतिनिधि, चीनी मिलों के प्रधान प्रबंधक और समिति सचिव शामिल होकर पूरे कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेंगे।

समितियों में लगेंगी 3 से 5 दिवसीय ‘महा-गोष्ठियां’ किसानों की सुविधा के लिए छोटी गन्ना समितियों में 3 दिवसीय और बड़ी समितियों में 5 दिवसीय विशाल कृषक गोष्ठियों का आयोजन होगा। इन गोष्ठियों में बैंक, इफको, चीनी मिल और गन्ना समितियां संयुक्त रूप से काउंटर लगाएंगी। यहां किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी योजनाओं की जानकारी देकर मौके पर ही तत्काल नामांकन किया जाएगा।

कम से कम 10% किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य विभाग ने प्रत्येक समिति के लिए कड़ा लक्ष्य तय किया है कि कम से कम 10 प्रतिशत पंजीकृत गन्ना किसानों और उनके परिजनों को इस सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया जाए। गन्ना पर्यवेक्षक (केन सुपरवाइजर) गांव-गांव जाकर किसानों को जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देंगे। इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को भी इस अभियान में विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं इन गोष्ठियों में सिर्फ बीमा ही नहीं, बल्कि किसानों का नया समिति पंजीकरण, नया बैंक खाता खुलवाना और दस्तावेजों की फोटोकॉपी जैसी तमाम सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट जुलाई के तीसरे सप्ताह में सीधे मुख्यालय को भेजी जाएगी। यह कदम ग्रामीण इलाकों में गन्ना किसानों के जीवन स्तर को बदलने में गेमचेंजर साबित होगा।

Related Articles

Back to top button