आरेडिका में राजभाषा की गूंज: महाप्रबंधक रामन कृष्णन की अध्यक्षता में त्रैमासिक बैठक संपन्न

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक का भव्य आयोजन किया गया। यह महत्वपूर्ण बैठक महाप्रबंधक रामन कृष्णन की अध्यक्षता और विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक के दौरान पिछली तिमाही में हुई राजभाषा गतिविधियों और प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई, साथ ही आगामी तिमाही के लक्ष्यों पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
महाप्रबंधक ने थपथपाई पीठ, दिए जरूरी निर्देश
महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने राजभाषा विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों और कार्यक्रमों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी कामकाज में राजभाषा का प्रयोग बढ़ाना हमारा कर्तव्य है। इसके साथ ही उन्होंने राजभाषा संवर्धन के लिए आगामी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आयोजित करने के सख्त निर्देश दिए।
गृह पत्रिका ‘प्रगति’ का विमोचन: रचनाकारों को मिली दाद
आरेडिका में लेखन-कौशल और राजभाषा के प्रचार-प्रसार को नई धार देने के लिए त्रैमासिक गृह पत्रिका ‘प्रगति’ (जून-2026 अंक) का विमोचन महाप्रबंधक के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस विशेष पत्रिका में कारखाने के विभिन्न विभागों से प्राप्त कविताएं, कहानियां, संस्मरण और रेखाचित्र शामिल किए गए हैं। महाप्रबंधक ने सभी रचनाकारों की रचनात्मकता को खूब सराहा।
दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस गौरवशाली अवसर पर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य विवेक खरे, मनोज कुमार जिंदल, आर पी यादव, रूपेश श्रीवास्तव, विजय कुमार श्रीवास्तव, रवीश कुमार, डॉ. आभा जैन, आरएन तिवारी, मुख्य राजभाषा अधिकारी रमेश चंद्र, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अभिनव यादव और राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
#



