नवाचार से निखरी रेल उत्पादन की रफ्तार
एमसीएफ में सुरक्षा, गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने वाले रेलकर्मियों का सम्मान

एमसीएफ में सुरक्षा, गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने वाले रेलकर्मियों का सम्मान
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
काम में नवाचार, परिणाम में बदलाव
आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (एमसीएफ), रायबरेली में सेफ्टी, क्वालिटी, प्रोडक्टिविटी और कार्यकुशलता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रेलकर्मियों को महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने सम्मानित किया। कर्मचारियों द्वारा किए गए इनहाउस प्रयोगों को उत्पादन व्यवस्था में सुधार और संसाधनों की बचत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
ड्रिलिंग में सुरक्षा का नया तरीका
फर्निशिंग शॉप में अंडरफ्रेम की ओवरहेड ड्रिलिंग को सुरक्षित बनाने के लिए पैर से संचालित ड्रिलिंग मशीन विकसित की गई। इससे पहले कर्मचारी हाथ से संचालित मशीन को जांघों से थ्रस्ट देकर ऊपर की ओर ड्रिलिंग करते थे, जिससे सुरक्षा जोखिम और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका रहती थी।
समस्या को रविन्द्र कुमार चौहान, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने चिन्हित किया। टूल रूम के सहयोग से समाधान विकसित किया गया, जिसमें एम. नैयर कलाम, अमरनाथ यादव, शिवकांत और नुरूल होदा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बोगी फिक्चर में बदली तस्वीर
सर्वेश, वरिष्ठ यांत्रिक इंजीनियर/बोगी ने रोटेशन फिक्चर विकसित कर फिक्चर बदलने में लगने वाला समय समाप्त किया। इससे रेल इन्वेंटरी ब्लॉक कम हुआ और मानवीय त्रुटियों की संभावना भी घटी। परिणामस्वरूप कोच उत्पादन प्रक्रिया अधिक तेज और दक्ष बनी।
हेयरलाइन क्रैक ने बचाई गुणवत्ता
वंदे भारत कोच निर्माण के दौरान धर्मेन्द्र कुमार मीना और सौरभ कुमार ने एंड वॉल पर बेहद सूक्ष्म हेयरलाइन क्रैक की पहचान की। डीपीटी मशीन से इसकी पुष्टि हुई और संभावित गुणवत्ता समस्या को समय रहते दूर कर दिया गया।
पेंटिंग में दो घंटे की बचत
पेंट शॉप में अंशु कुमार पाल ने बॉडी फिलर पुट्टी और हार्डनर के मिश्रण में सुधार के लिए एर्गोनॉमिक वर्क टेबल और वजन आधारित तौल मशीन की व्यवस्था कराई। फोर्ड कप से पेंट विस्कोसिटी परीक्षण तथा गार्नेट शॉप में 20 एग्जॉस्ट फैन लगाए गए।
इन उपायों से पेंटिंग साइकिल टाइम 8 घंटे से घटकर 6 घंटे हुआ और प्रतिदिन लगभग एक अतिरिक्त कोच की उत्पादन क्षमता हासिल हुई।
महाप्रबंधक ने बढ़ाया हौसला
महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने कहा कि ऐसे इनहाउस प्रयोग सुरक्षा और गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ समय, श्रम और संसाधनों की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मान समारोह ने एमसीएफ में नवाचार आधारित कार्य संस्कृति को नई ऊर्जा दी।



