उत्तर प्रदेश

पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड पर बड़ा सवाल

एक साल से लंबित आवेदन, यूनियन ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट

नया पोर्टल जल्द, कार्ड बनवाना होगा आसान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क।

पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनने में हो रही लंबी देरी को लेकर यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने सूचना निदेशक विशाल सिंह से मुलाकात कर नाराजगी जताई। यूनियन ने मांग की कि सभी लंबित आवेदनों की स्टेटस रिपोर्ट जारी कर जल्द समाधान कराया जाए।

यूनियन ने बताया कि पिछले वर्ष सूचना निदेशालय में विशेष कैंप लगाकर उन पत्रकारों से दोबारा आवेदन भरवाए गए थे, जिनके कार्ड तकनीकी या अन्य कारणों से नहीं बन सके थे। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं। कई पत्रकारों के नए आवेदन भी स्वीकार नहीं किए गए, जिससे परेशानी लगातार बढ़ रही है।

लखनऊ मंडल अध्यक्ष शिवशरण सिंह के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल में शिव विजय सिंह, अनिल कुमार सैनी और अनिल त्रिपाठी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सूचना निदेशालय और जिला सूचना कार्यालयों में फिर से विशेष कैंप लगाकर सभी लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण कराया जाए।

इस पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों को राहत देने वाले महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन पत्रकारों ने आवेदन किया है, वे अपने आयुष्मान कार्ड की स्थिति ऑनलाइन पोर्टल पर देख सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो संबंधित जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संशोधन कराया जा सकता है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पत्रकारों के लिए जल्द ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से जिनका कार्ड नहीं बन पाया है या जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे जिला सूचना अधिकारी के जरिए आसानी से आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल शुरू होने की सूचना सभी जिलों को तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button