ऐतिहासिक पहल: मेरठ में बनेगा विश्व का दूसरा भव्य ‘अग्रोधाम’

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
अग्रोधाम’ मेरठ के शताब्दी नगर में निर्माणाधीन ‘अग्रोधाम’ आने वाले समय में विश्व पटल पर चमकने जा रहा है। श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की भव्य आम सभा और स्नेह मिलन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री विनीत अग्रवाल शारदा ने घोषणा की कि हिसार के बाद मेरठ का अग्रोधाम दुनिया का दूसरा सबसे भव्य अग्रोधाम बनेगा। यह परिसर केवल एक इमारत नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक चेतना का एक विराट केंद्र होगा।
क्या खास होगा मेरठ के अग्रोधाम में?
इस भव्य सामाजिक और धार्मिक धरोहर में आधुनिकता और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिलेगा:
- भव्य मंदिर परिसर: महाराजा अग्रसेन जी, माँ महालक्ष्मी जी और शिव-पार्वती परिवार का दिव्य मंदिर।
- विशाल प्रतिमा: भगवान हनुमान जी की 51 फीट ऊँची भव्य मूर्ति।
- जनसेवा के प्रकल्प: वरिष्ठ नागरिकों के लिए 72 स्टूडियो अपार्टमेंट्स और एक 50 बेड का आधुनिक अस्पताल।
- सामूहिक आयोजन: 60×120 आकार के दो विशाल सभागार (ऑडिटोरियम)।
अग्रसेन जी के आदर्श: “एक ईंट, एक रुपया”
विनीत अग्रवाल शारदा ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का “एक ईंट, एक रुपया” का सिद्धांत सामाजिक समरसता और अंतिम व्यक्ति के उत्थान का सबसे बड़ा उदाहरण है। अगस्त माह के अंत तक इस परियोजना के प्रथम लैंटर का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आगामी भव्य आयोजन और सामाजिक संकल्प
सभा में आगामी महाराजा अग्रसेन जयंती को अभूतपूर्व भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया, जिसकी कमान विनीत अग्रवाल शारदा को सौंपी गई है। इसके साथ ही अगस्त में तीज उत्सव, मातृशक्ति को 500 साड़ियों का वितरण और युवाओं के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



