उत्तर प्रदेश

उमंग डेयरी लिमिटेड पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा शिकंजा: ₹25 लाख का माल जब्त

वेजिटेबल फैट से नकली मक्खन बनाने का भंडाफोड़

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ जारी प्रदेशव्यापी महा-अभियान के तहत अमरोहा की प्रसिद्ध ‘उमंग डेयरी लिमिटेड’ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के निशाने पर आ गई है। आयुक्त के निर्देश पर गठित विशेष अंतर्जनपदीय टीम ने उमंग डेयरी लिमिटेड के परिसर पर औचक छापेमारी कर बड़े पैमाने पर हो रही गंभीर अनियमितताओं और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के बाद से बड़े डेयरी ब्रांड्स और संगठित मिलावटखोर सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

₹25.49 लाख का व्हे व स्क्रैप पाउडर जब्त, प्रतिबंधित अपमिश्रकों का भंडाफोड़ सघन जांच के दौरान टीम ने उमंग डेयरी लिमिटेड से भारी मात्रा में अमानक कच्चा माल बरामद किया। मौके से 5,000 किलोग्राम ‘व्हे पाउडर’ (Whey Powder) और 27,875 किलोग्राम ‘स्क्रैप पाउडर’ जब्त किया गया है, जिसकी कुल वित्तीय कीमत लगभग ₹25.49 लाख आंकी गई है। प्रयोगशाला परीक्षण और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए डेयरी परिसर से कुल पांच संदिग्ध खाद्य नमूने संग्रहित कर तत्काल लैब भेजे गए हैं।

वेजिटेबल फैट से बन रहा था बटर, भारी मात्रा में पनीर नष्ट जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि डेयरी प्रबंधन द्वारा शुद्ध दूध के बजाय वेजिटेबल फैट और प्रतिबंधित अपमिश्रकों (Adulterants) की सहायता से कृत्रिम मक्खन (बटर) का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा था। जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बने अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्मित 699 किलोग्राम मिलावटी बटर और 99 किलोग्राम दूषित पनीर को अधिकारियों ने मौके पर ही विनष्ट (नष्ट) करा दिया। इस गंभीर वित्तीय और दंडात्मक धोखाधड़ी के मामले में उमंग डेयरी लिमिटेड के खिलाफ अमरोहा में संगीन धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है।

संगठित मिलावटखोरों पर जारी रहेगा वज्रपात खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि विभाग का मुख्य उद्देश्य जनता को सुरक्षित व शुद्ध उत्पाद दिलाना है। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी छोटे खुदरा कारोबारी को परेशान न किया जाए, परंतु उमंग डेयरी लिमिटेड जैसी बड़ी मछलियों और संगठित रूप से मिलावट करने वाले तत्वों के खिलाफ यह सख्त दंडात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button