ग्लोबल मार्केट में यूपी के चौसा का ऐतिहासिक शंखनाद
ग्लोबल मार्केट में यूपी के चौसा का ऐतिहासिक शंखनाद: भारत-यूके CETA के तहत शून्य शुल्क पर यूनाइटेड किंगडम रवाना हुई पहली खेप

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
: उत्तर प्रदेश की कृषि संपदा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के विज़न को आज एक और युगांतरकारी सफलता मिली है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (भारत सरकार) के ‘एपीडा’ (APEDA) के नीतिगत प्रयासों तथा भारत-यूनाइटेड किंगडम व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (India-UK CETA) के प्रभावी होने के बाद, राज्य के सुप्रसिद्ध चौसा आम की पहली आधिकारिक खेप आज यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना हो गई।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया ऐतिहासिक फ्लैग ऑफ लखनऊ के सप्रू मार्ग स्थित उद्यान निदेशालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय गरिमामयी सेरेमनी में उद्यान, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने 1,200 किलोग्राम ताजे चौसा आमों की इस पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएसपीजी कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्यात की जा रही यह खेप द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश के कृषि इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर है।
CETA का क्रांतिकारी प्रभाव: 99% कृषि उत्पादों पर जीरो ड्यूटी का लाभ इस अंतरराष्ट्रीय समझौते के अंतर्गत यूनाइटेड किंगडम ने भारत के लगभग 99 प्रतिशत निर्यात मूल्य का प्रतिनिधित्व करने वाले कृषि और बागवानी उत्पादों को शुल्क-मुक्त (जीरो ड्यूटी) बाजार पहुंच प्रदान की है। इस रणनीतिक नीतिगत बदलाव से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और उत्तर प्रदेश के किसानों, एफपीओ तथा कृषि उद्यमियों को सीधे वैश्विक बाजार का उच्चतम मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
जेवर एयरपोर्ट बनेगा लॉजिस्टिक्स का गेमचेंजर, हर ब्लॉक में खड़ा हुआ निर्यातक समारोह को संबोधित करते हुए उद्यान मंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “योगी सरकार में हमारी अतिरिक्त उपज के मूल्य संवर्धन पर विशेष काम हुआ है। जेवर में निर्मित हो रहा अत्याधुनिक एयरपोर्ट हमारे कृषि कार्गो का भाड़ा कम करेगा और किसानों की बचत बढ़ाएगा।” उन्होंने आगे बताया कि पूर्व में बड़े शहरों तक सीमित रहने वाले एक्सपोर्ट बिजनेस का अब विकेंद्रीकरण कर दिया गया है, जिसके फलस्वरूप आज राज्य के सभी 825 ब्लॉकों में स्थानीय स्तर पर डोमेस्टिक एक्सपोर्टर्स तैयार हो चुके हैं।
वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के स्वाद का दबदबा ‘औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड’ के गठन के माध्यम से राज्य सरकार लगातार किसानों के लिए नए मार्ग प्रशस्त कर रही है। मंत्री ने अपने अनुभवों को रेखांकित करते हुए बताया कि मॉस्को (रूस) और दुबई (यूएई) में उत्तर प्रदेश का दशहरी आम पहले से ही अपनी धाक जमा चुका है, और अब चौसा के जरिए यूके का बाजार भी हमारे बागवानों की आर्थिक समृद्धि का गवाह बनेगा। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री बीएल मीणा, निदेशक उद्यान श्री बीपी राम सहित एपीडा के वरिष्ठ अधिकारी और प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।


