उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए शासन सख्त

कांवड़ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए शासन सख्त, नगर विकास विभाग ने दिए कड़े निर्देश

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,

आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और स्वच्छ बनाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने अपनी कमर कस ली है। प्रमुख सचिव एवं सचिव, नगर विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में समस्त नगरीय निकायों को कांवड़ मार्गों और शिवालयों पर अभूतपूर्व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।

लाइव डिजिटल निगरानी और गड्ढामुक्त मार्ग

कांवड़ मार्गों की सफाई व्यवस्था की लाइव मॉनिटरिंग जिला स्तर पर ICCC और राज्य स्तर पर DCCC के माध्यम से 24 घंटे की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मार्गों को अविलंब गड्ढामुक्त किया जाए तथा बिजली के लटकते हुए ढीले तारों को दुरुस्त कर कसकर सुरक्षित किया जाए ताकि किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके।

‘जीरो प्लास्टिक’ और ‘जीरो वेस्ट’ इवेंट के रूप में मनेगा उत्सव

पर्यावरण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस बार कांवड़ यात्रा को ‘जीरो प्लास्टिक’ और ‘जीरो वेस्ट’ इवेंट के रूप में आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। शिविरों में प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक एवं थर्मोकोल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सैनिटाइजेशन, पेय जल एवं आवारा पशुओं से मुक्ति

मार्गो व शिवालयों के आसपास नियमित ब्लीचिंग पाउडर और मैलाथियान का छिड़काव किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल प्रबंधन, नालों की सफाई और महिलाओं व पुरुषों के लिए पृथक मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था रहेगी, जिनकी दिन में दो बार सफाई अनिवार्य होगी। साथ ही, सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर कान्हा गौशालाओं में भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button