रायबरेली

रेल तकनीक के मंच पर चमका रायबरेली का परचम

रेल एवं मेट्रो टेक्नोलॉजी एक्सपो-2026 में आरेडिका ने दिखाई नवाचार की ताकत

विश्वस्तरीय कोच निर्माण क्षमता का दमदार प्रदर्शन

‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को तकनीक से मिला नया आयाम

आईआरईपीएस से जुड़ने के लिए एमएसएमई इकाइयों को किया जागरूक

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित 7वें रेल एवं मेट्रो टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव एवं एक्सपो-2026 में आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका/एमसीएफ), रायबरेली ने अपनी अत्याधुनिक तकनीकी क्षमता और नवाचार का प्रभावशाली प्रदर्शन कर भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में अपनी मजबूत भूमिका को रेखांकित किया। 22 से 24 जुलाई तक चल रहे इस प्रतिष्ठित आयोजन में रेलवे, मेट्रो, उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों की व्यापक भागीदारी रही।

तकनीकी उत्कृष्टता का बना आकर्षण केंद्र

प्रदर्शनी में स्टॉल संख्या M-136A स्थित एमसीएफ पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। यहां लघु कोच मॉडल, ट्रांसलाइट्स, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों और प्रचार सामग्री के माध्यम से आधुनिक कोच निर्माण तकनीकों, उच्च गुणवत्ता मानकों तथा भारतीय रेल के लिए तैयार किए जा रहे विश्वस्तरीय यात्री कोचों की झलक प्रस्तुत की गई।

नवाचार से मजबूत होगा रेल उद्योग

एमसीएफ ने इस मंच के माध्यम से उद्योग जगत के साथ तकनीकी सहयोग बढ़ाने, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाने तथा रेलवे विनिर्माण क्षेत्र में नवाचार को गति देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रदर्शनी में आए उद्योग प्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने एमसीएफ की उन्नत विनिर्माण क्षमता और गुणवत्ता मानकों की सराहना की।

एमएसएमई को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर

आरेडिका ने प्रदर्शनी के दौरान लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों को इंडियन रेलवे ई-प्रोक्योरमेंट सिस्टम (IREPS) पर पंजीकरण के लिए जागरूक किया, जिससे रेलवे खरीद प्रणाली में उनकी भागीदारी बढ़ सके और ‘मेक इन इंडिया’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को नई मजबूती मिले।

तकनीक और आत्मनिर्भरता का संगम

इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, सहायक यांत्रिक अभियंता (डिजाइन) नितेश तिवारी, वरिष्ठ खंड अभियंता कौशल कुमार श्रीवास्तव, अंगद सिंह कुशवाहा, शशांक श्रीवास्तव, जितेंद्र कुशवाहा, वरिष्ठ तकनीशियन रोहित मिश्रा, लक्ष्मण, केशव तथा उदय सहित आरेडिका की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Articles

Back to top button