उत्तर प्रदेश

SC/ST उद्यमियों के लिए वैश्विक अवसरों की नई उम्मीद

इंडो-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में DICCI यूपी चैप्टर की दमदार मौजूदगी,

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश में निवेश, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी साझेदारी के नए रास्ते खोलने वाले इंडो-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 में DICCI उत्तर प्रदेश चैप्टर ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस महत्वपूर्ण आयोजन में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री और जापान के माननीय गवर्नर की उपस्थिति के साथ 250 से अधिक जापानी प्रतिनिधियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।

यह आयोजन भारत और जापान के बीच निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और उद्यमिता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। खास तौर पर उत्तर प्रदेश में नए उद्योगों, निवेश परियोजनाओं और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा ने इसे बेहद महत्वपूर्ण मंच बना दिया।

श्री मनीष वर्मा, अध्यक्ष, DICCI उत्तर प्रदेश चैप्टर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल में देव मणि सरोज, कुलदीप रावत, अरविंद कुमार, आर. के. राजेश, सुधाकर वर्मा, बृजेश कुमार, निवेदिता कवल, प्रवीण गौतम, शिव भगवान और रामजी रावत शामिल रहे।

DICCI यूपी चैप्टर की भागीदारी केवल एक औपचारिक उपस्थिति नहीं, बल्कि SC/ST उद्यमियों को वैश्विक व्यापार और निवेश की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। संगठन लगातार ऐसे अवसरों की तलाश और निर्माण में जुटा है, जिनसे जमीनी स्तर के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, बड़ी कंपनियों, उद्योगों और आधुनिक तकनीक से सीधे जुड़ने का अवसर मिल सके।

इंडो-जापान इन्वेस्टमेंट मीट ने उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के सामने नए सहयोग और कारोबार के द्वार खोलने की संभावनाओं को मजबूत किया है। DICCI यूपी चैप्टर की मौजूदगी ने यह संदेश भी दिया कि सामाजिक और आर्थिक रूप से उभरते उद्यमियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए मजबूत नेटवर्किंग और साझेदारी बेहद जरूरी है।

यह अवसर DICCI उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण रहा और संगठन की उस प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है, जिसके तहत SC/ST उद्यमियों को अवसर, संसाधन और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त उद्यमिता को बढ़ावा देना लक्ष्य है।

Related Articles

Back to top button