एजेंटिक एआई के दौर के लिए तैयार होगा भारत का कार्यबल
NIELIT और Intel India ने शुरू किए नए स्किलिंग कार्यक्रम

राष्ट्रीय नेतृत्व संवाद में सरकार, शिक्षा जगत और उद्योग ने भविष्य की नौकरियों और एआई कौशल पर किया मंथन
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बदलते दौर में भारत के युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करने की दिशा में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) और Intel India ने महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों संस्थानों ने नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में “Preparing the Future Workforce for the Agentic AI Era” विषय पर राष्ट्रीय नेतृत्व संवाद आयोजित किया। इसी अवसर पर देशभर के युवाओं के लिए एजेंटिक एआई स्किलिंग कार्यक्रम भी शुरू किए गए।
कार्यक्रम में सरकार, विदेशी दूतावासों, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत और कौशल विकास से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। संवाद के दौरान एआई के बदलते स्वरूप, भविष्य के रोजगार, शिक्षा व्यवस्था और कार्यबल की नई जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति ने कहा कि तकनीक के बदलते स्वरूप के बीच कौशल, रोजगार क्षमता और निरंतर सीखने की आदत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल मौजूदा नौकरियों के लिए नहीं, बल्कि भविष्य में पैदा होने वाले अवसरों के लिए भी तैयार करना होगा। इसके लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योग आधारित केस स्टडी और वास्तविक डेटा का इस्तेमाल जरूरी है।
NIELIT के महानिदेशक डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी ने कहा कि एजेंटिक एआई शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रहा है। NIELIT की देशव्यापी पहुंच और Intel की तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से एआई सीखने के अवसर संस्थानों और विद्यार्थियों तक पहुंचाए जाएंगे।
MeitY के संयुक्त सचिव और IndiaAI Mission के COO सुदीप श्रीवास्तव ने भारत के लिए मजबूत एआई टैलेंट पाइपलाइन तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने एआई डेटा लैब, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और शिक्षण संस्थानों के साथ मजबूत साझेदारी को समय की जरूरत बताया।
दो नए कार्यक्रम शुरू
‘Agentic AI for Everyone’ कार्यक्रम में विद्यार्थी वर्कफ्लो ऑटोमेशन, एआई एजेंट और मल्टी-एजेंट सिस्टम की जानकारी हासिल करेंगे। वहीं ‘Engineering Agentic AI Systems’ कार्यक्रम के तहत एआई आधारित एजेंटिक सिस्टम को डिजाइन, तैयार और लागू करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एजेंटिक एआई ऐसे सिस्टम को कहा जाता है, जो मानव निगरानी में जटिल कार्यों की योजना बनाकर उन्हें पूरा कर सकते हैं। यह पहल भारत के युवाओं को तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और बदलती कार्य संस्कृति के अनुरूप तैयार करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।



