उत्तर प्रदेश बनेगा ग्लोबल टेक्सटाइल हब
'यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026' में CM योगी ने लॉन्च की कई योजनाएं

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
उत्तर प्रदेश अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के टेक्सटाइल और गारमेंटिंग मैप पर अपनी मजबूत पहचान बनाने के लिए तेजी से अग्रसर है। इसी कड़ी में आज लखनऊ में दो दिवसीय भव्य ‘यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। प्रदेश को वैश्विक हब बनाने के विजन के साथ, इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की गई।

बुनकरों और निवेशकों के लिए सौगातों की बौछार समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक शिल्प को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार के अपार अवसर सृजित कर रही है। कार्यक्रम में बुनकरों के उत्थान और निवेशकों को सुविधा प्रदान करने के लिए तीन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया गया:
- यूपी टेक्स मित्रा पोर्टल: यह पोर्टल निवेशकों और उद्यमियों के लिए वन-स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में कार्य करेगा, जिससे टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़ी सभी जानकारी और सरकारी अनुमतियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
- हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना: इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक बुनकरों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना और उन्हें आधुनिक करघे उपलब्ध कराना है।
- उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना: इसके तहत युवाओं को टेक्सटाइल इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

औद्योगिक निवेश को मिला बढ़ावा कॉन्क्लेव के दौरान, ‘उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022’ के अंतर्गत प्रदेश में निवेश करने वाली विभिन्न कंपनियों को प्रोत्साहन राशि और ‘लेटर ऑफ Comfort’ (LoC) वितरित किए गए। इसके साथ ही, राज्य सरकार और प्रमुख औद्योगिक घरानों के मध्य कई महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) का आदान-प्रदान भी हुआ, जो राज्य में करोड़ों के नए निवेश का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
डिजिटल युग के साथ कदमताल मिलाते हुए कार्यक्रम में ‘Automation Digitalisation Readiness’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। यह कॉन्क्लेव उत्तर प्रदेश को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले एक नए युग का सूत्रपात है।




