
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC) लखनऊ ने अपने शांति नगर परिसर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ (SoC) के तहत एक विशाल और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘पत्रकार’ थीम पर आधारित इस महा-अभियान का मुख्य उद्देश्य समग्र स्वास्थ्य, दैनिक शारीरिक फिटनेस और ‘खेलो इंडिया’ योजना के अंतर्गत ‘फिट इंडिया’ पहल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी श्री आत्मा प्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 130 लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया। इसमें प्रमुख पत्रकारों, छात्रों, एचएएल साइक्लिंग ग्रुप, योगासन भारत के सदस्यों, वुशू डेमो टीम और केंद्र के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) से लगभग 1,500 प्रतिभागियों ने डिजिटल माध्यम से जुड़कर इस मुहिम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के संपादक श्री गौरव पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ आकाशवाणी के श्री मुमताज अली, टाइम्स ऑफ इंडिया के श्री फज़ल खान, स्वदेश टाइम्स के श्री अरुण कुमार और एचएएल के श्री आलोक वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रोमांचक गतिविधियां और फिटनेस का रोमांच सुबह की शुरुआत ऊर्जावान ज़ुम्बा और योग सत्र के साथ हुई। इसके बाद वुशू का रोमांचक कॉम्बैट प्रदर्शन, लेमन रेस, स्किपिंग, पुश-अप्स और टग ऑफ वॉर जैसी प्रतियोगिताओं ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान परिसर में 6 किलोमीटर लंबी एक भव्य साइकिल रैली भी निकाली गई, जिसमें पत्रकारों और फिटनेस प्रेमियों ने सक्रिय जीवनशैली का संकल्प लिया। सभी को फिट इंडिया टी-शर्ट और स्वास्थ्यवर्धक जलपान प्रदान किया गया।
एनबीआरसी के वरिष्ठ अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, श्री मनीष कुमार और श्री प्रवीण कुमार सी.एम. ने फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।



