बंपर पैदावार का नया इतिहास
राज्य गन्ना प्रतियोगिता 2025-26 के विजेताओं का ऐलान, हरदोई के अमर सिंह ने मारी बाजी!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास विभाग ने राज्य गन्ना प्रतियोगिता वर्ष 2025-26 के परिणामों की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप आयोजित इस महा-प्रतियोगिता में वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों और ड्रिप सिंचाई का लोहा मानते हुए प्रदेशभर के किसानों ने अपनी काबिलियत का परचम लहराया है। कुल 1078 आवेदनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहाँ किसानों ने बंपर उपज से कृषि जगत को चौंका दिया है।
शीर्ष विजेताओं का शानदार प्रदर्शन
विभिन्न संवर्गों में किसानों ने रिकॉर्डतोड़ उत्पादन कर अपनी मेहनत की मिसाल पेश की है:
- शीघ्र पौधा संवर्ग: हरदोई के महसूलापुर निवासी कृषक श्री अमर सिंह ने 2430.00 कु./हे. की ऐतिहासिक उपज हासिल कर प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। पीलीभीत के सुखदीप सिंह द्वितीय और शाहजहांपुर के कौशल कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
- पेड़ी संवर्ग: शामली के श्री देवेन्द्र ने 1998.50 कु./हे. उपज के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। सहारनपुर के सुधीर और बागपत के अनुज पंवार क्रमशः द्वितीय व तृतीय रहे।
- सामान्य पौधा संवर्ग: शाहजहांपुर के कौशल कुमार ने 1725.50 कु./हे. के साथ बाजी मारी, जबकि बुलंदशहर के सुधीर सिंह और जितेन्द्र कुमार ने अगला स्थान पाया।
- ड्रिप सिंचाई संवर्ग (पौधा व पेड़ी): बिजनौर के अक्षांश सिंह (2068.50 कु./हे.) और शामली के इन्द्रपाल सिंह (1865.00 कु./हे.) ने आधुनिक जल-संरक्षण तकनीकों का लोहा मनवाते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किए।
- युवा गन्ना किसान संवर्ग: मुजफ्फरनगर के नितिन चौधरी (पौधा) और शामली के उज्जवल देशवाल (पेड़ी) ने यह साबित कर दिया कि युवा पीढ़ी आधुनिक कृषि में नए आयाम गढ़ रही है।
प्रोत्साहन और पुरस्कारों की बौछार
राज्य सरकार प्रथम विजेताओं को 51,000 रुपये, द्वितीय को 31,000 रुपये और तृतीय स्थान पाने वालों को 21,000 रुपये नकद, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करेगी। साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश में खेती को बढ़ावा देने के लिए 04 किसानों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए गए हैं। वर्ष 2025-26 में प्रदेश की औसत उत्पादकता 825.60 कु./हे. दर्ज की गई है, जो यह दर्शाती है कि वैज्ञानिक तरीकों से किस प्रकार किसानों की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल रही हैं।



