उत्तर प्रदेश

नीरज ने रजत तो हॉकी टीम ने जीता कांस्य’: CM योगी बोले- खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम कर रहे PM मोदी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल अब भविष्य संवारने का भी सशक्त माध्यम है। गोरखनाथ मंदिर में नागपंचमी पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। सम्मानजनक सरकारी नौकरी वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को मिल रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल व्यक्ति को स्वस्थ रखने का माध्यम तो है ही, सरकार की खेल और खिलाड़ियों के हित मे बनाई गई नीति से यह भविष्य संवारने का भी सशक्त माध्यम बन गया है। वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को सरकार यूपी पुलिस के साथ ही अन्य सरकारी विभागों में बड़े पैमाने पर नौकरी दे रही है। सरकार खेल और खिलाड़ियों के हित में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत कर रही है तो साथ ही खिलाड़ियों को पुरस्कार, नियुक्ति और भरपूर आर्थिक सहायता देकर उन्हें प्रोत्साहित भी कर रही है।
सीएम योगी शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर के मेला परिसर में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में खेलों का बेहतरीन माहौल बना है। हमारे खिलाड़ी खेल को नई ऊंचाई पर ले जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को हर संभव मदद देकर खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाए।

सीएम योगी ने बढ़ाया पहलवानों का उत्साह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार व उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु खिताब के लिए फाइनल मुकाबला देखा। इस दौरान उन्होंने पहलवानों के बेहतरीन दांव पर ताली बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब जीतने वाले गौतमबुद्ध नगर के जोंटी कुमार को 1.01 लाख रुपये, गदा व प्रमाण पत्र, उप विजेता मेरठ के अभिषेक को 51 हजार रुपये व प्रमाण पत्र, उत्तर प्रदेश कुमार का खिताब जीतने वाले यूपी पुलिस के आयुष को 51 हजार रुपये, गदा व प्रमाण पत्र, उप विजेता गोरखपुर के रमन को 25 हजार रुपये व प्रमाण पत्र, वीर अभिमन्यु खिताब जीतने वाले कृष्णानगर के जनार्दन को 51 हजार रुपये, गदा व प्रमाण पत्र और उप विजेता सनीस खोखर को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button