उत्तर प्रदेश
मेरठ: कैसीनो संचालक भाजपा नेता गिरफ्तार, हाईप्रोफाइल लोग आते थे, प्रवेश शुल्क था एक लाख रुपये

मेरठ: शहर के गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन में अवैध तरीके से चल रहे कैसीनो का भंडाफोड़ हुआ है। इस कैसीनो का संचालन भाजपा नेता और मेरठ महानगर के पूर्व कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा कर रहे थे। पुलिस ने सोमवार की रात छापेमारी करते हुए नवीन अरोड़ा समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस छापेमारी में डेढ़ करोड़ रुपये के काॅइन और चिप्स भी बरामद किए गए।
कैसे हुआ भंडाफोड़?
नवीन अरोड़ा के होटल में काफी समय से अवैध रूप से कैसीनो का संचालन हो रहा था, जिसमें शहर के अलावा दिल्ली और गाजियाबाद के हाईप्रोफाइल लोग भी शामिल होते थे। बताया जा रहा है कि प्रवेश शुल्क एक लाख रुपये था। सोमवार रात जब कुछ रईसजादे कैसीनो खेलने पहुंचे, तो पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। सूचना लीक होने के बाद कैसीनो में मौजूद लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके से 21 लोगों को पकड़ लिया, जिनमें छह युवतियां भी शामिल थीं, जो मुंबई की मॉडल बताई जा रही हैं।




