प्रयागराज: यूपीपीएससी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, भारी पुलिस फोर्स तैनात

प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। बड़ी संख्या में छात्रों ने आयोग की ओर से प्रस्तावित पीसीएस प्रारंभिक और आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा को दो दिन में कराने के फैसले के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया था। आंदोलन के चलते आयोग के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर इलाके को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
आयोग की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे छात्रों की भीड़ को पुलिस ने खदेड़ दिया, जिससे भगदड़ मच गई। मौके पर जिलेभर की पुलिस फोर्स, पीएसी, और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तैनात कर दी गई हैं। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज से छात्रों में अफरातफरी फैल गई और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तितर-बितर हो गए।

कोचिंग संस्थानों ने आंदोलन से किया किनारा
इस बीच, पुलिस लाइंस के त्रिवेणी सभागार में महाकुंभ को लेकर हुई बैठक में कोचिंग संचालकों ने आंदोलन का समर्थन न करने का फैसला किया। कोचिंग संचालकों ने कहा कि सोमवार को कोचिंग संस्थान सामान्य रूप से संचालित होंगे और वे किसी भी प्रकार के छात्र आंदोलन का समर्थन नहीं करेंगे।



