हापुड़ : पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता ने अपने पति और देवर समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 18 जून 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार गाजियाबाद जिले के मुरादनगर निवासी जावेद से हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 35 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन ससुराल वाले दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 20 तोला सोने की मांग को लेकर असंतुष्ट थे।
शादी के बाद, पति ने कथित तौर पर विवाहिता के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए, जिसकी शिकायत उसने सास-ससुर से की। 1 अक्टूबर को ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और पति उसे मायके छोड़ गया। 2 अक्टूबर को, ससुराल पक्ष उसे वापस ले गया, लेकिन उसी रात देवर ने जबरन उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने बताया कि जब उसने पति जावेद से इसकी शिकायत की, तो ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, देवर, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
