सहारनपुर से उठी अग्रवाल समाज के स्वाभिमान की हुंकार: मेरठ का ‘श्री अग्रोधाम’ बनेगा देश की नई पहचान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने नकुड़ चेयरमैन शिव कुमार गुप्ता के आवास पर आयोजित अग्रवाल समाज की विशाल सभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी का समाजवाद आज भी विश्व के लिए सर्वश्रेष्ठ आदर्श है। अब समय आ गया है कि अग्रवाल समाज अपनी सामूहिक शक्ति को पहचाने और केवल व्यापार तक सीमित न रहकर राष्ट्र निर्माण व सामाजिक नेतृत्व में अपनी निर्णायक भूमिका दर्ज कराए।
मेरठ में तीव्र गति से आकार ले रहा भव्य ‘श्री अग्रोधाम’ बड़ी घोषणा करते हुए विनीत शारदा ने बताया कि हरियाणा के हिसार स्थित ऐतिहासिक अग्रोहा धाम के बाद अब उत्तर प्रदेश के मेरठ में देश का दूसरा भव्य ‘श्री अग्रोधाम’ तीव्र गति से निर्मित हो रहा है। इस परिसर में महाराजा अग्रसेन व कुलदेवी लक्ष्मी का मंदिर, 51 फुट ऊंची हनुमान प्रतिमा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्याधुनिक स्टूडियो अपार्टमेंट्स, यज्ञशाला और 56-भोग प्रसाद की विशेष व्यवस्था होगी। इसके साथ ही, आमजन के लिए यहाँ 50 बेड का एक आधुनिक चिकित्सालय पूरी तरह निःशुल्क संचालित किया जाएगा।
‘एक ईंट–एक रुपया’ सिद्धांत का आधुनिक स्वरूप होगा लागू श्री शारदा ने संकल्प दोहराया कि धाम के पूर्ण होते ही महाराजा अग्रसेन के ऐतिहासिक ‘एक ईंट–एक रुपया’ के सिद्धांत को आधुनिक रूप में लागू किया जाएगा। इसके तहत देश-प्रदेश के किसी भी हिस्से में आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर अग्रबंधु को समाज आत्मनिर्भर व सम्मानित बनाएगा। संगठन के सुचारू विस्तार के लिए उत्तर प्रदेश को 6 प्रमुख क्षेत्रों (पश्चिम यूपी, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, गोरखपुर और काशी) में विभाजित कर नगर स्तर तक इकाइयां गठित की जा रही हैं।
सावन माह में पूरे प्रदेश में मांस-मदिरा की दुकानें बंद करने की मांग प्रदेश में कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी अपराधमुक्त होकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए सावन माह के दौरान पूरे प्रदेश में मांस एवं मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “पार्टी मेरी मां है और अग्रवाल समाज मेरी आत्मा; इसके स्वाभिमान के लिए मेरा सर्वस्व समर्पित है।” बैठक की अध्यक्षता अनिल गर्ग ने की तथा इसमें मुख्य रूप से दीपक गुप्ता, विशेष अग्रवाल और संजय गर्ग सहित सैकड़ों गणमान्य उपस्थित रहे।



