तकमील-उत-तिब कॉलेज में अंबेडकर जयंती पर गरिमामय आयोजन
शिक्षा और समानता का संदेश: छात्र-छात्राओं ने बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
। राजकीय तकमील-उत-तिब कॉलेज एवं अस्पताल में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन हकीम अब्दुल अज़ीज़ हॉल में संपन्न हुआ। इस आयोजन में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रति योगदान को नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अब्दुल कुदूस हाशमी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सुबोध कुमार ने अपने संबोधन में अंबेडकर जी के विचारों को आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक बताया।

डॉ. सुबोध कुमार ने कहा कि बाबा साहेब का संदेश “शिक्षित बनो” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं डॉ. बच्चू सिंह ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंबेडकर जी के प्रयासों से ही देश एक सूत्र में बंधा हुआ है और लोकतंत्र मजबूत बना हुआ है।
इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविता और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अब्दुल मलिक द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।
कॉलेज प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी सूचना के अनुसार, इस कार्यक्रम में भागीदारी स्वैच्छिक रखी गई थी, फिर भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्टाफ की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया। विशेष रूप से छात्रावास में रहने वाले छात्र-छात्राओं और अस्पताल स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।



