भव्य पोर्टल लॉन्च, 100 इंडस्ट्रियल पार्कों का रोडमैप तैयार

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत भव्य पोर्टल का शुभारंभ किया। सरकार का दावा है कि इस महत्वाकांक्षी योजना से देशभर में 100 विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेश बढ़ेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
पीयूष गोयल ने कहा कि राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धी मॉडल के आधार पर औद्योगिक पार्कों का चयन किया जाएगा। निवेशकों को भूमि, कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं की जानकारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे निवेश प्रक्रिया आसान बनेगी।
करीब ₹33,660 करोड़ की इस योजना के तहत स्टार्टअप, डीप-टेक, अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा नवाचार आधारित उद्योगों के लिए विशेष स्थान विकसित किए जाएंगे। पार्कों में सड़क, रेल, बिजली, पानी, डिजिटल सिंगल विंडो क्लीयरेंस और आधुनिक परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है।
सरकार का मानना है कि पिछले वर्षों में किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, जीएसटी, श्रम सुधार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे कदमों ने औद्योगिक विकास की मजबूत नींव तैयार की है। भव्य योजना इसी दिशा में अगला बड़ा कदम मानी जा रही है।
योजना के पहले चरण में 20 औद्योगिक पार्कों का चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (NICDC) इसके क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगा।
सरकार को उम्मीद है कि यह पहल भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



