‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा महानगर अध्यक्ष का चिनहट क्लस्टर दौरा
कारीगर बहनों के बीच उत्साह और उल्लास

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,
लखनऊ। राष्ट्रीय पर्व की उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने चिनहट स्थित नारी कल्याण शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संचालित स्फूर्ति क्लस्टर का दौरा किया। इस विशेष कार्यक्रम में महानगर सदस्या बबिता अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने यहां पारंपरिक हस्तशिल्प कार्य में जुटीं कुशल कारीगर बहनों से मुलाकात कर उनके हुनर को सराहा।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की अध्यक्ष एवं संस्थापक अफसाना खान के स्वागत उद्बोधन के साथ हुई, जिन्होंने अतिथियों से प्रेरणादायक संवाद करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली कारीगर महिलाओं को सम्मानित करवाने की रूपरेखा रखी। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के कर-कमलों द्वारा लगभग 85 कारीगरों को पर्यावरण संरक्षण और समृद्धि का संदेश देते हुए पौधे वितरित किए गए। वहीं, महानगर सदस्या बबिता अग्रवाल ने उपस्थित सभी कारीगरों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया।
इस पावन अवसर पर कारीगर बहनों द्वारा अपनी कला और संस्कृति को दर्शाते हुए बेहद मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का मन मोह लिया और पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में विलेज वूमेन हैंडीक्राफ्ट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि विशाल भारद्वाज, गीता गुप्ता, शहाना अख्तर, अमन, रंजीता गौतम, मुनिरा, सुशीला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कारीगर बहनें और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




