राजनीति

लखनऊ में आया ‘कॉकरोच’ तूफान! पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा!

ईको गार्डन बना जंग का मैदान; धरने पर बैठे अभिजीत दीपके, आरएएफ और पुलिस के फूले हाथ-पांव!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

नवाबों के शहर लखनऊ में शुक्रवार को राजनीति और विरोध प्रदर्शन का एक ऐसा अनोखा और मसालेदार नजारा देखने को मिला, जिसने पूरी सरकार और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में धांधली से गुस्साए युवाओं ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के झंडे तले राजधानी के ईको गार्डन में जमकर बवाल काटा और धुआंधार विरोध प्रदर्शन किया।

नीट (NEET) पेपर लीक और परीक्षाओं में हो रही भारी अनियमितताओं से नाराज छात्रों और युवाओं का गुस्सा इस कदर फूटा कि पूरा ईको गार्डन नारों से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आड़े हाथों लिया और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग कर डाली। युवाओं का साफ कहना है कि जब तक छात्रों को इंसाफ नहीं मिलता, यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है।

इस बड़े और तीखे प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में ईको गार्डन और उसके आसपास के पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया, जहां भारी संख्या में यूपी पुलिस और आरएएफ (RAF) की टुकड़ियों को तैनात करना पड़ा।

जैसे ही सीजेपी (CJP) के फायरब्रांड संस्थापक अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंचे, उन्हें देखने और मिलने के लिए युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा, जिसके चलते वह कुछ देर के लिए भारी भीड़ के बीच ही फंस गए। हालांकि, इसके बाद उन्होंने जोश से भरे अंदाज में युवाओं को संबोधित किया और सरकार पर तीखे जुबानी तीर छोड़ते हुए वहीं धरने पर बैठ गए।

अभिजीत दीपके ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। दिल्ली के जंतर-मंतर और पुणे के बाद अब लखनऊ में यह हुंकार भरी गई है। इसके बाद अमृतसर और बेंगलुरु की सड़कों पर युवाओं का यह ‘कॉकरोच’ मार्च निकलेगा और आगामी 20 जून को देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक ऐसा ऐतिहासिक महा-प्रदर्शन होगा जो सरकार की चूलें हिला देगा!

Related Articles

Back to top button