कानपुर

शुक्लागंज-उन्नाव में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई

6800 वर्ग मीटर सील, 18000 वर्ग मीटर पर नोटिस जारी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

शुक्लागंज-उन्नाव क्षेत्र में अवैध और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कानपुर विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन (जोन-1बी) द्वारा 16 अप्रैल 2026 को व्यापक अभियान चलाकर लगभग 6800 वर्ग मीटर क्षेत्र में सीलिंग और करीब 18000 वर्ग मीटर में नोटिस जारी किए गए।

यह कार्रवाई उपाध्यक्ष श्री मदन सिंह गब्र्याल और सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान के तहत ग्राम देवारा खुर्द में श्री देशराज चौहान व अन्य द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही करीब 6000 वर्ग मीटर प्लाटिंग को सील कर दिया गया। वहीं, तारा रानी कॉन्वेंट स्कूल के पास श्री गौरी शुक्ला व अन्य द्वारा संचालित 800 वर्ग मीटर के गेस्ट हाउस पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

सील किए गए परिसरों को थाना गंगाघाट पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा ग्राम पिंडोखा में श्री भूरेलाल द्वारा पूर्व में सील किए गए परिसर की सील तोड़कर पुनः निर्माण करने पर प्रशासन ने दोबारा सीलिंग की कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रवर्तन टीम में अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। इसके साथ ही सिंहपुर कछार क्षेत्र में लगभग 10000 वर्ग मीटर अवैध प्लाटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण नोटिस जारी किया गया है, जिसमें 15 दिन के भीतर स्वयं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में कार्रवाई न होने पर पुलिस बल की मदद से ध्वस्तीकरण किया जाएगा। साथ ही 3000, 2000 और 3000 वर्ग मीटर की तीन अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित किया गया है, जिन पर आगे कार्रवाई तय है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि भूमि खरीदने से पहले प्राधिकरण से स्वीकृत ले-आउट की जानकारी अवश्य लें, ताकि भविष्य में नुकसान से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button