पर्यटन

संस्कृति और शिक्षा का महामिलन, यूपी की लोक कलाओं को मिलेगा नया जीवन

संगीत नाटक अकादमी और सुभारती विश्वविद्यालय के बीच ऐतिहासिक एमओयू, मंत्री जयवीर सिंह रहे गवाह

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,

उत्तर प्रदेश की समृद्ध और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी की रगों में दौड़ाने के लिए योगी सरकार ने एक और बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रदेश की विलुप्त होती लोक कलाओं को संजोने और सांस्कृतिक उत्थान के उद्देश्य से आज राजधानी लखनऊ के पर्यटन सभागार में ‘उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी’ और ‘स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ’ के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस ऐतिहासिक मौके पर सूबे के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह और यूपी पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री आशीष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समझौता पत्र के आदान-प्रदान के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय के साथ पहले भी 4 एमओयू किए जा चुके हैं, और यह नया गठजोड़ राज्य के शैक्षणिक अनुसंधान और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि आधुनिकता की दौड़ में जो लोक कलाएं लुप्त होने की कगार पर हैं, उन्हें भावी पीढ़ी के लिए सुरक्षित रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, ताकि युवा अपनी जड़ों और विरासत पर गर्व कर सकें।

सांस्कृतिक चेतना का नया ढांचा: राष्ट्रीय स्तर पर दिखेगा असर इस एमओयू के तहत दोनों संस्थाएं मिलकर एक ऐसा मजबूत संस्थागत ढांचा (Institutional Framework) तैयार करेंगी, जिससे छात्रों और आम समाज के बीच शास्त्रीय संगीत, लोक नृत्य और नाट्य परंपराओं का तेजी से प्रसार किया जा सके। इसके जरिए शोध (Research), विशेष प्रशिक्षण और संयुक्त जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा, फाइन आर्ट्स के डीन प्रो. पिन्टू मिश्रा, परफॉर्मिंग आर्ट्स की एचओडी प्रो. भावना ग्रोवर के साथ-साथ संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह और निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अब दोनों संस्थान मिलकर उत्तर प्रदेश की कलात्मक विरासत को अक्षुण्ण रखने के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू करेंगे।

Related Articles

Back to top button