
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के दौरे के दौरान दशकों से बंद पड़ी परदहा मिल का निरीक्षण कर औद्योगिक पुनर्जीवन की दिशा में बड़ा संकेत दिया है। मंत्री ने मिल परिसर का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां प्रस्तावित औद्योगिक संकुल के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।
करीब 85 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह आधुनिक औद्योगिक पार्क मऊ की औद्योगिक पहचान को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि लंबे समय से निष्क्रिय पड़ी इस मिल को अब रोजगार और निवेश के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार युवाओं को हुनर और रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। “हर हाथ को हुनर और काम” के विजन के तहत इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इस औद्योगिक क्लस्टर के विकसित होने से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने यह भी बताया कि औद्योगिक इकाइयों के आवंटन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे उद्यमियों को बिना किसी जटिलता के सुविधा मिल सके। यह पहल निवेश को आकर्षित करने और उद्योगों को तेजी से स्थापित करने में सहायक होगी।
उन्होंने इस परियोजना को “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मऊ जैसे जिलों में इस तरह के औद्योगिक विकास से क्षेत्रीय असंतुलन को भी कम करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में मऊ अपनी खोई हुई औद्योगिक पहचान को फिर से हासिल करेगा और विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


