गाजीपुर में दलित उद्यमिता की हुंकार
जिला पंचायत सभागार में जगी नई उम्मीदों की लौ, युवाओं को मिला मार्गदर्शन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित जिला पंचायत सभागार में आज दलित उद्यमिता के नए अध्याय का सूत्रपात हुआ। अवसर था SC/ST उद्यमिता जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का, जहाँ बड़ी संख्या में जुटे युवाओं और इच्छुक उद्यमियों ने व्यवसाय की दुनिया में कदम रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गूंजी दलित उद्यमियों की हुंकार ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब गाजीपुर का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की ओर अग्रसर है।

दिग्गजों का मिला सानिध्य कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए DICCI (डिक्की) उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनीष वर्मा ने युवाओं में नया जोश भरा। उन्होंने उपस्थित SC/ST उद्यमियों का आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर नए और लीक से हटकर क्षेत्रों में अपने व्यवसाय स्थापित करें। इस दौरान National SC-ST Hub के प्रदेश प्रमुख श्री रवि ओरण ने सरकारी योजनाओं को उद्यमियों के लिए एक प्रभावी “हथियार” बताया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
व्यावहारिक ज्ञान और सहयोग का महाकुंभ सत्र के दौरान वरिष्ठ DICCI सदस्य श्री देव मणि सरोज, श्री निर्मलजीत और श्री अरविंद ने प्रतिभागियों को व्यवसाय के ‘कहाँ, क्यों और कैसे’ के व्यावहारिक पहलुओं से रूबरू कराया। उन्होंने सही क्षेत्र के चयन, सरकारी योजनाओं के लाभ और संभावित चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए। कार्यक्रम में उद्योग विभाग, बैंकिंग सेक्टर, LDM, HAL, BHEL और GeM Portal जैसे प्रमुख संस्थागत सहयोगियों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
क्षेत्रीय उद्यमियों ने साझा किए अनुभव समारोह में श्री अरविंद सहित अनेक सफल क्षेत्रीय उद्यमियों ने अपने उद्योग स्थापित करने के संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने आपसी सहयोग, नेटवर्किंग और एक-दूसरे को जोड़कर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सफल संचालन और उत्साह लगभग 175 युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी वाले इस कार्यक्रम का सफल क्षेत्रीय संचालन DICCI सदस्य श्री सतीश आंबेडकर ने श्री ज्ञान चंद भारती और उनकी टीम के सहयोग से किया।

नोट:: उद्यमिता को बढ़ावा देने की यह मुहिम अब आगे बढ़ेगी। अगला पड़ाव 11 सितंबर को कानपुर के मर्चेंट्स चैंबर, सिविल लाइंस में होगा।



