उत्तर प्रदेश

DICCI उत्तर प्रदेश टीम ने SIDBI-ग्रंट थॉर्नटन सम्मेलन में की शिरकत

SC/ST उद्यमियों के सशक्तिकरण और वित्तीय सहयोग पर जोर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

अनुसूचित जाति और जनजाति के उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए, DICCI (डालित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) उत्तर प्रदेश की प्रदेश स्तरीय टीम ने SIDBI और ग्रंट थॉर्नटन द्वारा आयोजित उच्च स्तरीय सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता की। इस गरिमामयी आयोजन में DICCI उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री मनीष वर्मा जी की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने राज्य के उभरते उद्यमियों की आवाज़ को प्रमुखता से उठाया।

सम्मेलन के दौरान एससी/एसटी वर्ग के उद्यमियों के व्यवसायिक सफर में आने वाली बाधाओं, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, संस्थागत सहयोग और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े गंभीर मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। श्री मनीष वर्मा ने संबंधित विभागों और वित्तीय संस्थानों से स्पष्ट अपेक्षा व्यक्त की कि केवल कागजी योजनाओं तक सीमित रहने के बजाय धरातल पर ठोस और परिणामोन्मुख सहयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि छोटे और मध्यम उद्यमी बिना किसी रुकावट के अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकें।

DICCI का यह स्पष्ट संकल्प है कि समाज के इन वर्गों के उद्यमियों को केवल विभिन्न योजनाओं की सामान्य जानकारी तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें नया व्यवसाय स्थापित करने और मौजूदा उद्यमों को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने के लिए वास्तविक, पारदर्शी और जमीनी स्तर पर हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस उच्च स्तरीय मंच पर हुई चर्चाओं से प्रदेश में समावेशी औद्योगिक विकास और उद्यमिता संस्कृति को एक नई गति मिलने की पूरी उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button