यूपी के गन्ना विभाग में प्रमोशन की धूम; योगी सरकार ने 308 कर्मियों को दिया प्रमोशन, 371 को मिला ए.सी.पी. का बड़ा तोहफा
1,315 नई भर्तियों के लिए अधियाचन जारी; मृतक आश्रितों को नौकरी देकर गन्ना आयुक्त ने पेश की संवेदनशीलता की मिसाल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क:
उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आज का दिन बड़ी खुशियां लेकर आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और शासन के निर्देशों के क्रम में विभाग ने कर्मचारी हित में कई बड़े फैसले लिए हैं। मानव संसाधन प्रबंधन को मजबूत करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान चलाकर कुल 308 कर्मियों को प्रमोशन (पदोन्नति) और 371 कर्मियों को वित्तीय स्तरोन्नयन (ए.सी.पी.) का दोहरा तोहफा दिया है।
राजपत्रित अधिकारियों से लेकर चालकों तक का हुआ प्रमोशन: गन्ना आयुक्त के अनुसार, कुल 308 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के करियर विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया है। प्रमोशन पाने वालों में 01 राजपत्रित अधिकारी, 35 लिपिक संवर्ग के कर्मचारी, गन्ना समितियों के 241 कार्मिक, 10 खाण्डसारी निरीक्षक और 21 वाहन चालक शामिल हैं।
लंबे समय से लंबित ए.सी.पी. के मामलों का हुआ निपटारा: विभाग में लंबे समय से अटके वित्तीय लाभों का प्राथमिकता पर निस्तारण करते हुए 371 कार्मिकों को ए.सी.पी. (Assured Career Progression) का लाभ दिया गया है। इसमें 18 राजपत्रित अधिकारी, 06 ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, 12 सांख्यिकी संवर्ग, 27 गन्ना विकास निरीक्षक, 125 गन्ना पर्यवेक्षक, 75 लिपिक, 14 खाण्डसारी अधिकारी, 16 खाण्डसारी निरीक्षक और 78 गन्ना समितियों के कर्मचारी शामिल हैं। इस फैसले से कर्मचारियों के वेतन में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होगी।
रोजगार के नए अवसर और मृतक आश्रितों को सहारा: विभाग ने बेहद संवेदनशील रुख अपनाते हुए गन्ना समितियों में विगत एक वर्ष में 26 और साल 2017 से अब तक कुल 286 पात्र आश्रितों को मृतक आश्रित कोटे के तहत सरकारी नौकरी दी है। इसके साथ ही, विभाग में खाली पदों को समय से भरने के लिए विभिन्न संवर्गों के कुल 1,315 पदों का अधियाचन (रिक्रूटमेंट रिक्वेस्ट) चयन संस्थाओं को भेज दिया गया है। इन फैसलों से विभागीय कामकाज में तेजी आएगी और कर्मचारियों के परिवारों में हर्ष का माहौल है।



