उत्तर प्रदेश

नीट परीक्षार्थियों की बल्ले-बल्ले! यूपी रोडवेज बसों में अब ‘आधा टिकट’ में सफर, योगी सरकार का बड़ा तोहफा

एडमिट कार्ड दिखाओ और 50% किराया बचाओ; परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर रोडवेज में मचाया हड़कंप!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क:

नीट (NEET UG-2026) की अग्निपरीक्षा देने जा रहे उत्तर प्रदेश के नौजवानों के लिए एक बेहद खुश कर देने वाली और धमाकेदार खबर है! योगी सरकार ने परीक्षा के तनाव के बीच अभ्यर्थियों की जेब का बोझ आधा करने का फुलप्रूफ प्लान तैयार कर लिया है। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने ऐलान किया है कि नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को यूपी रोडवेज की बसों में सफर करने पर किराए में पूरे 50 प्रतिशत की भारी छूट मिलेगी। यानी अब छात्र ‘आधे दाम’ पर परीक्षा केंद्र तक का सफर मजे से तय कर सकेंगे।

20 और 21 जून को मचेगा धमाल, बस परिचालक बनेंगे ‘चेकर’ यह स्पेशल डिस्काउंट ऑफर 20 जून और 21 जून 2026 को होने वाली यात्राओं पर ही लागू होगा। परिवहन निगम के एमडी श्री प्रभु एन सिंह ने इस फैसले को अमलीजामा पहनाने के लिए सभी डिपो कप्तानों को कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं। सफर के दौरान बस कंडक्टर को अपना असली रूप दिखाना होगा। वे पहले अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर छपी फोटो और परीक्षा की तारीख की बारीकी से जांच करेंगे, फिर ईटीआईएम (टिकट मशीन) से स्पेशल ‘चाइल्ड टिकट’ (हाफ टिकट) जारी कर देंगे। छात्रों को बस अपने एडमिट कार्ड की एक फोटोकॉपी कंडक्टर बाबू को सौंपनी होगी।

कंडक्टरों के लिए ‘मैनुअल’ जुगाड़ और अफसरों की छुट्टियां लॉक! अगर किसी तकनीकी खराबी के चलते टिकट मशीन से आधा किराया वाला टिकट नहीं निकलता है, तो कंडक्टर को हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठना है। वे तुरंत डिपो प्रभारी को फोन खटखटाएंगे और अपनी ‘ब्लैंक टिकट बुक’ से हाथ से लिखकर मैनुअल टिकट काटेंगे। सरकार इस वीआईपी इंतजाम को लेकर कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एमडी ने साफ कह दिया है कि इस दौरान कोई भी क्षेत्रीय या सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक छुट्टी पर नहीं भागेगा। जिनकी छुट्टियां पहले से पास थीं, उन पर भी लॉक लग गया है!

Related Articles

Back to top button