मातृशक्ति का सम्मान: सीएम योगी ने शुरू की ‘लोकमाता अहिल्याबाई यात्रा’, अखिलेश बोले— “हमारी दो हफ्ते पुरानी योजना सरकार ने लागू की,
क्या अपना दफ्तर भी सील करना पड़ेगा?"

निश्चय टाइम्स डेस्क |
उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए शुरू की गई नई योजनाओं पर सियासी घमासान तेज हो गया है। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का भव्य शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की माताओं और बहनों को UPSRTC की बसों में नि:शुल्क यात्रा का तोहफा मिला है। साथ ही, रक्षाबंधन के पावन पर्व पर 27, 28 और 29 अगस्त को सभी महिलाओं के लिए एक सहयात्री के साथ तीन दिनों तक मुफ्त बस सफर की ऐतिहासिक घोषणा की गई है।
सियासी सरगर्मी: अखिलेश यादव का तंज
इस योजना के आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक प्रेस वार्ता के दौरान सरकार पर तीखा कटाक्ष किया। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “अब तो हमें अपना ऑफिस भी सील करना पड़ेगा, क्योंकि जो मास्टरप्लान और योजना हमने दो हफ्ते पहले बनाई थी, उसे आज योगी सरकार ने खुद लागू कर दिया है।”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिलाओं को साधने वाली इस लोक-कल्याणकारी योजना ने आगामी चुनावों से पहले सूबे की राजनीति में एक नया सियासी संघर्ष छेड़ दिया है




