पर्यावरण

स्वच्छ शहरों की दिशा में बड़ा कदम

एचसीएल फाउंडेशन और यूपी सरकार मिलकर बदलेंगे आगरा, प्रयागराज और हरदोई की तस्वीर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क


उत्तर प्रदेश में शहरी स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को नई दिशा देने के उद्देश्य से एचसीएल फाउंडेशन और उत्तर प्रदेश नगर विकास विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ है। इस साझेदारी के तहत आगरा, प्रयागराज और हरदोई में आधुनिक, तकनीक आधारित और टिकाऊ कचरा प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी।

स्वच्छ भारत मिशन को मिलेगा बल

एमओयू के तहत दोनों संस्थाएं रणनीतिक योजना, पायलट परियोजनाएं, नीतिगत सुधार और आईटी आधारित समाधान लागू करेंगी। उद्देश्य शहरों में कचरा संग्रहण, निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाना है।

हरदोई को मिली नई सौगात

कार्यक्रम के तहत हरदोई नगर पालिका को 10 ई-ड्रेन कार्ट और 10 ई-गार्बेज लोडर उपलब्ध कराए गए। साथ ही तीन रिवर्स वेंडिंग मशीनों का शुभारंभ किया गया। शहर में वाल आर्ट के माध्यम से सौंदर्यीकरण तथा तीन बाजारों और तीन वार्डों को मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना भी शुरू की गई है।

जनभागीदारी से बदलेगी तस्वीर

एचसीएल फाउंडेशन के ‘माय क्लीन सिटी’ कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के साथ वैज्ञानिक और तकनीकी समाधान अपनाकर स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरों का निर्माण करना है। यह पहल अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आगे बढ़कर आगरा, प्रयागराज और हरदोई तक पहुंच गई है।

साझेदारी से मिलेगी नई रफ्तार

नगर विकास विभाग ने विश्वास जताया कि संस्थागत सहयोग और तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से शहरी स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी। यह पहल उत्तर प्रदेश में स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल शहरों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button