Uncategorized

डॉ. गौर हरी सिंहानिया की याद में मर्चेंट्स चैम्बर का धमाका; गीतों के साथ दिलचस्प किस्सों ने बांधा ऐसा समां कि याद आ गया गोल्डन एरा

कानपुर में गूंजी आशा ताई की जादुई आवाज; "अनोखी आशा" नाइट में 'दम मारो दम' और 'पिया तू' पर जमकर झूमे उद्योगपति

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उद्योगनगरी कानपुर में संगीत और यादों की एक ऐसी हसीन और मसालेदार शाम सजी, जिसने शहर के रईसों, व्यापारियों और संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मर्चेंट्स चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक समिति द्वारा श्रद्धेय डॉ. गौर हरी सिंहानिया के जन्मदिवस के मौके पर लगातार 11वें साल एक बेहद आलीशान संगीत संध्या का आयोजन किया गया। इस बार की महफिल स्वर सम्राज्ञी आशा भोंसले के नाम रही, जिसे “अनोखी आशा” थीम के तहत अत्यंत भव्य अंदाज में पेश किया गया।

इस रंगीन शाम की शुरुआत बेहद भावुक रही, जहां डॉ. गौर हरी सिंघानिया के चित्र पर ए. के. सरावगी, अनिल अग्रवाल, नवीन खन्ना और डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी जैसे दिग्गज उद्योगपतियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। लेकिन असली महफिल तब जमी, जब मंच पर आशा ताई के एवरग्रीन गानों का जादू बिखरना शुरू हुआ।

अरुण दास, समृद्धि, वर्षा, कपिल और दीपिका जैसे शानदार कलाकारों ने जब “पिया तू अब तो आजा”, “दम मारो दम”, “दिल चीज़ क्या है” और “ओ हसीना ज़ुल्फों वाली” जैसे सुपरहिट गाने गाए, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस शाम का असली तड़का लगाया सांस्कृतिक समिति के चेयरमैन स्वतंत्र सिंह ने! उन्होंने अपनी कड़क किस्सागोई शैली में हर गाने के पीछे की इनसाइड स्टोरी, मजेदार संस्मरण और फिल्मी इतिहास के वो राज खोले कि लोग अपनी कुर्सियों से बंधे रह गए।

इस धमाकेदार म्यूजिकल नाइट से पहले चैम्बर ने चिलचिलाती गर्मी में एक और पुण्य का काम किया। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक आम जनता के लिए विशाल शरबत वितरण का आयोजन किया गया, जहां लगभग 3000 राहगीरों ने मीठे ठंडे शरबत से अपनी प्यास बुझाई। कार्यक्रम के अंत में संयोजक इंद्र मोहन रोहतगी ने सभी का आभार जताया। इस शानदार पार्टी में शहर के नामी-गिरामी चेहरे सपरिवार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button